नवंबर तक मुंबईकरों का टीकाकरण संभव
मुंबई : रोजाना मुंबई में 80 हजार से एक लाख लोगों का टीकाकरण किया जा रहा है। वैक्सीन की डोज ठीक से मिलती रहेगी तो मुंबई में नवंबर के अंत तक टीकाकरण पूरा हो सकता है। इस तरह की उम्मीद मनपा आयुक्त इकबाल सिंह चहल ने व्यक्त की। वर्तमान में मुंबई की कुल जनसंख्या एक करोड़ 25 लाख के करीब है, जिसमें 96 लाख लोग 18 साल अधिक उम्र के हैं। चहल ने बताया कि अब तक 57 लाख लोगों को पहली डोज मिल चुकी है, जबकि 19 लाख लोगों ने दूसरी डोज ले ली है। कोरोना की दूसरी लहर लगभग खत्म होने की कगार पर है।
तीसरी लहर की संभावना को देखते हुए अधिक से अधिक लोगों का टीकाकरण कर कोरोना दूर रखने का प्रयास मनपा की ओर से किया जा रहा है। मनपा निजी कंपनियों के सीएसआर फंड के माध्यम से भी लोगों को मुफ्त टीका लगाने की शुरुआत की है। मुंबई में लगभग 96 लाख लोगों का टीकाकरण करने के लिए लगभग दो करोड़ डोज की जरूरत पड़ेगी। मुंबई में मनपा, राज्य व केंद्र सरकार और निजी अस्पतालों सहित कुल 432 स्थानों पर टीकाकरण किया जा रहा है।
मनपा आयुक्त ने कहा कि निजी अस्पतालों में बड़े पैमाने पर वैक्सीन उपलब्ध है। निजी अस्पतालों के पास उपलब्ध डोज को सीएसआर की सहायता से लोगों को उपलब्ध कराई जा रही है। मुंबई में फिलहाल 57 लाख लोगों को पहली खुराक लग चुकी है। यह अनुपात 61 प्रतिशत है। 19 लाख लोगों ने दूसरी खुराक भी ली है, जिसके तहत 20 प्रतिशत लोगों को दोनों डोज लग चुकी है। आने वाले दिनों में पहले डोज का प्रमाण कम होगा और दूसरे डोज की अधिक मात्रा मिलेगी। वैक्सीन की दूसरी डोज के 14 दिन बाद शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमता विकसित हो जाती है। इसलिए ट्रेन यात्रा के मामले में दो डोज के बाद 14 दिन का अंतराल रखा गया है।