कांदिवली स्थित 15 मंजिला इमारत में आग
मुंबई, मुंबई के उपनगरीय इलाके कांदिवली (पश्चिम) में स्थित 15 मंजिला एक इमारत में शनिवार रात को आग लग गई। नगर निकाय के एक अधिकारी ने बताया कि इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। उन्होंने कहा कि मथुरादास रोड पर स्थित ‘हौसा हेरिटेज’ इमारत की 14वीं मंजिल पर रात साढ़े आठ बजे आग लगी।
अधिकारी ने कहा, पुलिस, दमकल की सात गाड़ियां और अग्निशमन विभाग के कर्मियों को घटनास्थल पर भेजा गया और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। अब तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है और आग लगने की जांच की जा रही है।”
इसके पहले महाराष्ट्र के अहमदनगर में एक सरकारी अस्पताल के आईसीयू वार्ड में भीषण आग लगने से 11 कोविड मरीजों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में सुबह करीब 11 बजे आग लगी, जहां कोविड-19 के 20 मरीजों का इलाज चल रहा था। उनमें से कई वरिष्ठ नागरिक थे और कुछ वेंटिलेटर या ऑक्सिजन पर थे।