रेलवे ने जारी किया होली स्पेशल ट्रेनों का शेड्यूल, लखनऊ-गोरखपुर और नागपुर से गुजरेंगी ये गाड़ियां
लखनऊ : होली पर यात्रियों की राह आसान करने के लिए रेलवे उधना और हैदराबाद के लिए स्पेशल ट्रेनें चलाएगा। इन ट्रेनों के संचालन के आदेश रेलवे ने मंगलवार को जारी कर दिए। 05559 स्पेशल सात मार्च को रक्सौल से सुबह 5:30 बजे चलकर लखनऊ से दोपहर तीन बजे होते हुए उधना अगले दिन दोपहर 12:35 बजे पहुंचेगी। वापसी यात्रा में 05560 स्पेशल आठ मार्च को उधना से दाेपहर 3:35 बजे प्रस्थान करके अगले दिन लखनऊ से दोपहर 2: 30 बजे छूटकर रक्सौल रात 12:15 बजे पहुंचेगी। इस ट्रेन में जनरल की चार, स्लीपर की सात, एसी थर्ड की छह, एसी सेकेंड की दो और एसी प्रथम सह द्वितीय की एक बोगी होगी।
इसी तरह 07075 हैदराबाद-गोरखपुर स्पेशल छह से 27 मार्च तक प्रत्येक शुक्रवार को हैदराबाद से रात नौ बजे छूटेगी। नागपुर से यह ट्रेन अगले दिन सुबह 6:30 बजे होते हुए शनिवार रात 12:58 बजे ऐशबाग, 1:07 बजे लखनऊ सिटी, 1:26 बजे गोमतीनगर से होते हुए गोरखपुर रविवार सुबह 6:30 बजे पहुंचेगी।
वापसी यात्रा में 07076 गोरखपुर-हैदराबाद स्पेशल आठ से 29 मार्च तक प्रत्येक रविवार को गोरखपुर से सुबह 8:30 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन गोमतीनगर से दोपहर 12:52 बजे, लखनऊ सिटी से 1:15 बजे, ऐशबाग से 1:40 बजे होते हुए नागपुर से सोमवार सुबह 6:45 बजे होते हुए हैदराबाद शाम 5:25 बजे पहुंचेगी। ट्रेन में एसी सेकेंड की चार, एसी थर्ड की आठ, स्लीपर की छह और जनरल श्रेणी की दो बोगियां होंगी।
फेरों को विस्तार मिला
रेलवे ने 04652/04651 अमृतसर-जयनगर हमसफर क्लोन होली स्पेशल ट्रेन के संचालन की अवधि काे विस्तार दे दिया है। यह ट्रेन अब अमृतसर से एक से 29 मार्च तक 13 फेरों के लिए और जयनगर से एक से 31 मार्च तक 14 फेरों के लिये पूर्व निर्धारित दिन, समय, ठहराव के अनुसार संचालित होगी।