इंजीनियरिंग का छात्र आतंकी संगठनों से जुड़ी ऑनलाइन कट्टरपंथी गतिविधियों में गिरफ्तार
मुंबई : आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने मुंबई से प्रतिबंधित आतंकी संगठनों से जुड़ी ऑनलाइन कट्टरपंथी गतिविधियों की जांच के दौरान एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर सोशल मीडिया और एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग प्लेटफॉर्म के जरिए आतंकी संगठनों की प्रचार साझा करने और लोगों को कट्टरपंथ की ओर प्रेरित करने का आरोप है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अयान शेख के रूप में हुई है, जो इंजीनियरिंग का छात्र बताया जा रहा है।
एटीएस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से प्रतिबंधित आतंकी संगठनों की विचारधारा का प्रचार कर रहे हैं और युवाओं को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं। इसी सूचना के आधार पर मुंबई के कुर्ला, गोवंडी और शिवाजी नगर इलाके में कई स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया गया। इस मामले में दो अन्य युवक भी जांच एजेंसियों के रडार पर हैं, जिनसे पूछताछ की गई है।
डिजिटल रोडमैप ने बढ़ाया सस्पेंस
एटीएस ने गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान उसके पास से लैपटॉप, मोबाइल फोन समेत कई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त किए गए हैं, जिन्हें फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। अधिकारियों के अनुसार इन डिवाइस से मिले डिजिटल डाटा में एक तरह का डिजिटल रोडमैप मिला है, जिससे प्रतिबंधित संगठनों से उसके कथित संबंधों के संकेत मिले हैं।
आतंकी संगठनों के साथ चैट मिलीं
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी टेलीग्राम चैनलों और अन्य एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर एक्टिव था, जहां चरमपंथी प्रचार सामग्री साझा की जाती थी। जब्त किए गए डिवाइस से जैश-ए-मोहम्मद के प्रमुख मसूद अजहर से जुड़े कई ऑडियो और वीडियो क्लिप भी मिले हैं। एजेंसी को कई चैट रिकॉर्ड भी मिले हैं, जिनसे संकेत मिलता है कि आतंकी संगठनों के लिए भर्ती बढ़ाने की कोशिश की जा रही थी।