Latest News

मुंबई : होली बाद दिल्ली, मुंबई लौटने वालों की भीड़ रेलवे स्टेशनों पर उमड़ रही है। रविवार को यह भीड़ और भी अधिक होगी। लेकिन ट्रेनों में लंबी वेटिंग के चलते यात्री इमरजेंसी कोटे की सीटों के लिए जुगाड़ लगा रहे हैं। विधायकों से लेकर सांसदों तक के लेटरहेड पर सिफारिशें लगवा रहे हैं। दूसरी ओर बसों से पूर्वांचल के जिलों को जाने वाले यात्रियों की भीड़ कैसरबाग, कमता, आलमबाग आदि बस अड्डों पर उमड़ेगी।

सुकांत मिश्र पेशे से इंजीनियर हैं। उन्हें होली बाद रविवार को लखनऊ से मुंबई जाना है। उन्होंने पुष्पक एक्सप्रेस की थर्ड एसी में टिकट करवाया, जोकि वेटिंग में मिला। ऐसे में उन्होंने अपने बॉस के जरिए लखनऊ के एक सांसद से पैरवी करवाई। उनके लेटरहेड पर इमरजेंसी कोटे के लिए सिफारिश लिखवाई और डीआरएम कार्यालय में जमा करवा दी। रीना शुक्ल को अपने पति के साथ लखनऊ से काठगोदाम जाना था। उन्होंने बाघ एक्सप्रेस की थर्ड एसी में टिकट करवाया, जोकि वेटिंग में था। उन्होंने एक विधायक के करीबी से सिफारिश लगवाई। विधायक कार्यालय से रेलवे अधिकारियों को फोन भी मिलवाए गए। जिसके बाद उन्हें थर्ड एसी में दो कन्फर्म सीटें मिल सकीं। होली बाद लखनऊ से दिल्ली व मुंबई लौटने वाले यात्रियों के लिए वापसी का संकट खड़ा हो गया है।

ट्रेनों में लंबी वेटिंग के चलते उन्हें ऐसे ही जुगाड़ का सहारा लेना पड़ रहा है। वेटिंग के यात्री इमरजेंसी कोटे की सीटों से भी उम्मीदें लगाए हुए हैं। हालांकि यह कोटा डीआरएम कार्यालय के पास होता है, जिससे सांसदों, विधायकों, मरीजों आदि को आवश्यकतानुसार सीटें प्रदान की जाती हैं। उत्तर व पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के डीआरएम कार्यालय राजधानी में हैं। ऐसे में इमरजेंसी कोटे के लिए बड़ी संख्या में आवेदन आते हैं। होली बाद लखनऊ से दिल्ली जाने वाली लखनऊ मेल, एसी एक्सप्रेस, तेजस सहित अन्य ट्रेनों की वेटिंग 150 से अधिक तथा मुंबई की पुष्पक, गोरखपुर पनवेल, अवध आदि गाड़ियों की वेटिंग सौ पार चल रही है। इसलिए यात्रियों के लिए कन्फर्म सीटों का संकट खड़ा हो गया है। ऐसे में यात्रियों के पास तत्काल व इमरजेंसी कोटे का विकल्प बचा है। लिहाजा यात्री इसके तहत कन्फर्म सीटें पाने के लिए जुगाड़ लगा रहे हैं। विधायक, सांसदों ही नहीं, बल्कि रेलवे अफसरों की भी मदद ले रहे हैं।

Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement