मुंबई में देश का पहला पॉड टैक्सी प्रोजेक्ट, पहले फेज में 3 किमी का कुर्ला-बांद्रा रूट, हर 30 सेकंड में मिलेगी सर्विस
मुंबई: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में शहरी ट्रांसपोर्ट को आधुनिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। मंगलवार को मुंबई में पॉड टैक्सी प्रोजेक्ट का शिलान्यास मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किया। दरअसल यह एक ऑटोमैटिक रैपिड ट्रांजिट सिस्टम है। इसे मुंबई में कुर्ला और बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स के बीच विकसित किया जा रहा है। ताकि रोजमर्रा के यात्रियों को अंतिम-छोर तक पहुंच मिल सके। चेम्बूर स्थित डायमंड गार्डन मेट्रो स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ दोनों उपमुख्यमंत्रियों एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार ने भी शिरकत की।
कैसा होगा इसका रूट?
पहले चरण में पॉड टैक्सी सेवा कुर्ला और बांद्रा ईस्ट के बीच शुरू होगी। ये टैक्सियां इस क्षेत्र में 3.36 किलोमीटर लंबे रूट पर चलेंगी। इस कॉरिडोर पर कुल आठ स्टेशन होंगे। निर्धारित स्टॉप में बांद्रा ईस्ट, कलानगर, पुरानी एमएमआरडीए बिल्डिंग, आबकारी विभाग, भारत डायमंड बोर्स गेट 11, एमएमआरडीए पे एंड पार्क सुविधा, LBS मार्ग और कुर्ला शामिल हैं। बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स आने-जाने वाले कर्मचारियों को इस सेवा से काफी फायदा होने की उम्मीद है।
2031 तक पॉड टैक्सी के 22 स्टेशन
साल 2031 तक पॉड टैक्सी के रूट को बढ़ाकर कुल 8.85 किलोमीटर करने की योजना है। इस विस्तारित नेटवर्क में 22 स्टेशन होंगे। शुरू में 38 स्टेशनों का प्रस्ताव रखा गया था। हालांकि बाद में यह संख्या घटाकर 22 कर दी गई। इस बीच बीकेसी क्षेत्र के भीतर पॉड टैक्सी के रूट का और विस्तार किया जाएगा। इसमें एक सर्कुलर लूप जोड़ा जाएगा। पॉड टैक्सियां केवल इन निर्धारित स्टेशनों पर ही रुकेंगी और सर्कुलर लूप व्यवस्था यात्रियों को अपने विशिष्ट रूट चुनने की सुविधा देगी। इससे यात्रा का समय बचेगा।