मुंबईकरों के लिए गुड न्यूज; पहली बार विरार-दहानू के बीच दौड़ेगी 15 डिब्बों वाली लोकल
मुंबई : मुंबई उपनगरीय यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। पश्चिम रेलवे ने यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए 1 मई (आज) से विरार से दहानू के बीच पहली बार 15 डिब्बों वाली लोकल ट्रेन चलाने की योजना बनाई है। यह फैसला इस रूट पर लगातार बढ़ रही आबादी और यात्रा मांग को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, विरार कारशेड में पहली बार ICF द्वारा बनी 15 डिब्बों की 2 लोकल पहुच चुकी है, जिसमें से 1 - 15 डिब्बों की लोकल को विरार- दहानू खंड पर चलाया जाएगा।
क्या है योजना
अधिकारी ने बताया कि 17 मौजूदा 12-कोच नॉन-एसी सेवाओं को 15-कोच लोकल सेवाओं में परिवर्तित किया जाएगा। हालांकि, पश्चिम रेलवे पर कुल उपनगरीय सेवाओं की संख्या में कोई परिवर्तन नहीं होगा। 17 मौजूदा 12-कोच नॉन-एसी सेवाओं को 15-कोच सेवाओं में परिवर्तित किया जाएगा, जिससे 15-कोच सेवाओं की संख्या 227 से बढ़कर 244 हो जाएगी। इनमें से 8 सेवाएं पहली बार विरार–दहाणू रोड खंड में शुरू की जाएंगी, जिससे इस खंड के यात्रियों को अतिरिक्त वहन क्षमता और बेहतर सुविधा प्राप्त होगी। इसके अलावा, परिचालन कारणों से 15-कोच लोकल सेवाएं दोनों दिशाओं में ग्रांट रोड स्टेशन, चर्नी रोड स्टेशन तथा मरीन लाइंस स्टेशन पर नहीं रुकेंगी। साथ ही, ये ट्रेनें दादर स्टेशन के प्लैटफॉर्म संख्या 4 पर डबल हॉल्ट लेंगी।
आगे की क्या तैयारी
पश्चिम रेलवे द्वारा 12 अतिरिक्त एसी लोकल सेवाएं भी शुरू की जाएंगी, जिससे पश्चिम रेलवे उपनगरीय खंड पर एसी सेवाओं की कुल संख्या कार्य दिवसों अर्थात सोमवार से शुक्रवार को 133 से बढ़कर 145 और वीकेंड अर्थात शनिवार एवं रविवार को 106 से बढ़कर 118 हो जाएगी।
भीड़ से मिलेगी राहत
रेलवे अधिकारी का मानना है कि दहानू-विरार बेल्ट में तेजी से जनसंख्या और इंडस्ट्रियल क्षेत्र बढ़ रहा है, जिसके चलते ट्रेनों में भीड़ लगातार बढ़ रही है। खासकर पीक आवर में यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में 15 डिब्बों वाली लोकल शुरू होने से क्षमता लगभग 20 से 25 प्रतिशत तक बढ़ जाएगी, जिससे यात्रियों को सफर के दौरान अधिक जगह और आराम मिलेगा।