दिल्ली के लोगों को बड़ी राहत... लोकल सफर पर नहीं देना होगा टोल, सरकार का ये है प्लान
दिल्ली : दिल्ली के अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 (यूईआर-2) के आसपास बसे हजारों परिवारों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. जल्द ही स्थानीय लोगों को अपने ही इलाके में आने-जाने के लिए टोल टैक्स नहीं चुकाना पड़ेगा. नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया अब यूईआर-2 के दिल्ली हिस्से में नई सर्विस रोड बनाने जा रही है, जिससे लोकल ट्रैफिक को अलग रास्ता मिलेगा और रोजाना की परेशानी काफी हद तक कम हो जाएगी. यूईआर-2 के आसपास द्वारका, नजफगढ़, रोहिणी, मुंडका और बक्करवाला जैसे कई बड़े रिहायशी इलाके आते हैं. अभी इन इलाकों के लोगों को छोटी दूरी तय करने के लिए भी मुख्य कैरिजवे का इस्तेमाल करना पड़ता है. इससे न सिर्फ ट्रैफिक दबाव बढ़ता है बल्कि कई जगह टोल टैक्स भी देना पड़ता है.
नई सर्विस रोड बनने के बाद स्थानीय वाहनों के लिए अलग रास्ता उपलब्ध होगा, जिससे लोगों का सफर पहले से ज्यादा आसान और तेज हो सकेगा. एनएचएआई की योजना के मुताबिक दिल्ली स्ट्रेच में दो लेन चौड़ी सर्विस रोड विकसित की जाएगी. इस पूरे प्रोजेक्ट पर करीब 121.57 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. अधिकारियों ने निर्माण कार्य पूरा करने के लिए 9 महीने की समयसीमा तय की है. यूईआर-2 की कुल लंबाई करीब 75.7 किलोमीटर है, जिसमें से 54.21 किलोमीटर हिस्सा दिल्ली में पड़ता है.
बक्करवाला और मुंडका समेत कई इलाकों के निवासी काफी समय से सर्विस रोड निर्माण की मांग कर रहे थे. स्थानीय लोगों का कहना था कि छोटी दूरी के सफर के लिए टोल देना उनके लिए अतिरिक्त आर्थिक बोझ बन चुका है. कई बार शिकायतों और मांगों के बाद अब इस दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है. माना जा रहा है कि सर्विस रोड बनने से स्थानीय ट्रैफिक और हाईवे ट्रैफिक दोनों को बेहतर तरीके से मैनेज किया जा सकेगा.
नई सर्विस रोड तैयार होने के बाद नजफगढ़, द्वारका, मुंडका, रोहिणी और आसपास की सैकड़ों कॉलोनियों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा. लोकल ट्रैफिक के लिए अलग रास्ता बनने से जाम की स्थिति भी कम होने की उम्मीद है. साथ ही रोजाना सफर करने वाले लोगों का समय और खर्च दोनों बच सकेंगे.