Latest News

मुंबई : मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच की एंटी-एक्सटॉर्शन सेल ने एक बड़े और सफल ऑपरेशन को अंजाम दिया है. पुलिस ने बाहरी राज्यों से मुंबई में अवैध विदेशी हथियार बेचने आए तीन कुख्यात हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया है. पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और इस बात का पता लगाया जा रहा है कि कहीं इन तस्करों के तार कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग से तो नहीं जुड़े हैं.

मुंबई क्राइम ब्रांच के डीसीपी राज तिलक रौशन ने बताया कि खुफिया सूत्रों से पुख्ता जानकारी मिली थी कि कुछ संदिग्ध लोग हथियारों की बड़ी खेप लेकर मुंबई आने वाले हैं. इसी सूचना के आधार पर एंटी-एक्सटॉर्शन सेल की टीम ने 22 मई की रात करीब 10:45 बजे सेंट जॉर्ज अस्पताल के पास पी.डी. मेलो रोड स्थित एक सार्वजनिक शौचालय के नजदीक जाल बिछाया. मौके पर पहुंचते ही पुलिस टीम ने तीनों आरोपियों को रंगे हाथों दबोच लिया.

डीसीपी रौशन ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के पास से हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद हुआ है. 3 विदेशी बनावट की पिस्टल, मैगजीन और 45 जिंदा कारतूस मिले हैं. सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि बरामद हथियारों पर 'मेड इन चाइना' लिखा हुआ है. पुलिस के अनुसार, इनमें से एक पिस्टल की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये आंकी गई है. ये हथियार किस नेटवर्क के जरिए भारत और फिर मुंबई तक पहुंचे, इसकी गहन जांच की जा रही है.

हत्या, अपहरण और वसूली के आरोपी हैं तस्कर

पकड़े गए तीनों आरोपी बेहद शातिर और पेशेवर अपराधी हैं. पुलिस जांच में इनकी क्राइम कुंडली सामने आई है.

जशनप्रीत मंगल सिंह (24 वर्ष): पंजाब के पटियाला का निवासी है. इस पर पहले से 4 आपराधिक मामले दर्ज हैं. यह 2022 के एक हत्या के मामले में वांटेड चल रहा था.

सुखविंदर सिंह (24 वर्ष): यह भी पटियाला का रहने वाला है और 2022 के उसी मर्डर केस में फरार आरोपी है.

अरबाज चौधरी (33 वर्ष): राजस्थान के झालावाड़ का निवासी है. इस पर मारपीट, एक्सटॉर्शन (वसूली) और अपहरण सहित 19 संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं.

जांच में यह बात भी सामने आई है कि ये तीनों आरोपी पिछले कुछ दिनों से मुंबई के अलग-अलग इलाकों में घूम-घूमकर रेकी कर रहे थे और किसी को ये महंगे हथियार बेचने की फिराक में थे. मुंबई पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एम.आर.ए. मार्ग पुलिस स्टेशन में आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है.

Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement