और सस्ता हुआ क्रूड उधर मुंबई में पेट्रोल ₹111 तो डीजल ₹97 के पार, जानिए आज का भाव
मुंबईः वैश्विक बाजार में कच्चा तेल लगातार सस्ता हो रहा है। लेकिन भारत में पेट्रोल-डीजल बेचने वाली सरकारी तेल कंपनियां ने आज यानी शनिवार, 30 मई 2026, को दाम में कोई बदलाव नहीं किया। मतलब कि बाजार में पेट्रोल-डीजल के दाम जस के तस हैं। इससे पहले बीते सोमवार यानी 25 मई 2026 को पेट्रोल की कीमतों में 2.61 रुपये और डीजल की कीमतों में 2.71 रुपये की बढेातरी की गई थी। इन कंपनियों ने दिल्ली में 11 दिनों में ही प्रति लीटर पेट्रोल 7.35 रुपये तो डीजल 7.82 रुपये महंगा कर चुके हैं।
कंपनियों को हो रहा है घाटा?
केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने पहले बताया था कि सरकारी तेल कंपनियों को हर दिन करीब 1,000 करोड़ रुपये का नुकसान हो रहा था। लेकिन चार चरणों में दाम बढ़ाने के बाद यह घट गया है। कल ही मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने बताया कि अब यह घाटा कम हो कर हर रोज करीब 750 करोड़ रुपये रह गया है। हालांकि, पिछले साल इंडियन ऑयल, हिन्दुस्तान पेट्रोलियम और भारत पेट्रोलियम ने 77,821 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया है।
11 दिनों में 4 बार बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम
पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव बीतने के बाद ही पेट्रोलियम कंपनियों ने 11 दिनों में चार बार दाम बढ़ा चुकी है। सरकारी पेट्रोलियम कंपनियों ने सबसे पहले 15 मई 2026 को पेट्रोल 3 रुपये और डीजल 3.29 पैसे महंगा किया था। इसके बाद 19 मई को पेट्रोल 87 पैसे तो डीजल 91 पैसे, 23 मई को पेट्रोल 87 पैसे तो डीजल 91 पैसे और 25 मई 2026 को पेट्रोल 2.61 रुपये और डीजल 2.71 रुपये महंगा किया था।
4 महानगरों में पेट्रोल का दाम
तेल कंपनियों की तरफ से मिली जानकारी के अनुसार दिल्ली में इस समय पेट्रोल 102.12 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है। कोलकाता में इसकी कीमत 113.51 रुपये, मुंबई में 111.21 रुपये और चेन्नई में 107.77 रुपये है। एक अनुमान के मुताबिक क्रूड ऑयल महंगा होने से सरकारी तेल कंपनियों को रोजाना पेट्रोल, डीजल, एलपीजी और जेट फ्यूल पर 1,380 करोड़ रुपये का घाटा हो रहा है।
डीजल की कीमत क्या है
सरकारी ऑयल कंपनियों के मुताबिक आज दिल्ली में डीजल का प्रति लीटर दाम 95.20 रुपये है। कोलकाता में यह 99.02 रुपये, मुंबई में 97.83 रुपये और चेन्नई में 99.55 रुपये प्रति लीटर है। कच्चे तेल की कीमत में हाल में काफी बढ़ोतरी हुई है। ईरान युद्ध शुरू होने के बाद यह करीब 50 फीसदी महंगा हो गया है।
क्रूड ऑयल का क्या है दाम
अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल सस्ता ही हो रहा है। शनिवार को भारतीय समय के अनुसार सुबह छह बजे मानक ब्रेंट क्रूड का दाम 91.12 डॉलर प्रति बैरल कोट किया जा रहा था। यह कल के मुकाबले 1.70 फीसदी की गिरावट को दर्शाता है। इसी तरह डब्ल्यूटीआई क्रूड का दाम भी 1.73 फीसदी कम हो कर 87.36 डॉलर प्रति बैरल कोट किया जा रहा था। इंडियन बॉस्केट क्रूड भी घट कर 100 डॉलर प्रति डॉलर से नीचे आ गया है। सुबह इसका भाव 97.52 डॉलर दिखाया जा रहा है।
ऐसे चेक करें भाव
पेट्रोल-डीजल के भाव जब बदलते हैं, तब सुबह 6 बजे अपडेट हो जाते हैं। पेट्रोल-डीजल का रोज़ का रेट आप SMS के जरिए भी जान सकते हैं। इंडियन ऑयल के कस्टमर RSP के बाद स्पेस देकर अपने शहर का कोड लिखकर 9224992249 नंबर पर और बीपीसीएल उपभोक्ता RSP के बाद स्पेस देकर अपने शहर का कोड लिखकर 9223112222 नंबर पर भेज जानकारी हासिल कर सकते हैं। वहीं, एचपीसीएल उपभोक्ता HPPRICE के बाद स्पेस देकर अपने शहर का कोड लिखकर 9222201122 नंबर पर भेजकर भाव पता कर सकते हैं।