Latest News

मुंबई: मीरा रोड इलाके में अजीबोगरीब हादसा हुआ है। मीरा रोड पर एक हादसे में 25 साल के एक युवक की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, सड़क किनारे खड़ी एक कार का एयरबैग अचानक बिना किसी चेतावनी के खुल गया। यह युवक की गर्दन से टकराया और जानलेवा साबित हुआ। मरने वाले युवक की पहचान काशीमीरा के 'टियारा हिल्स' के रहने वाले मोहित सोनी के तौर पर हुई है। यह घटना बुधवार दोपहर को हुई। जब युवक सड़क किनारे खड़ी होंडा कार का अंदर था। खबरों के अनुसार, स्टीयरिंग व्हील का एयरबैग अचानक खुलने से यह अनहोनी हो गई। 

गर्दन में गंभीर चोट

सूत्रों ने बताया कि एयरबैग का प्लास्टिक कवर तेज रफ्तार से उड़कर मोहित की गर्दन के दाहिने हिस्से से टकराया। इससे उसे गंभीर चोट लगी और गाड़ी के अंदर बहुत ज्यादा अंदरूनी ब्लीडिंग हुई। मोहित को मीरा भायंदर के पंडित भीमसेन जोशी सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

गाड़ी की जांच

काशीमीरा पुलिस ने एक्सीडेंटल डेथ (हादसे से मौत) का मामला दर्ज किया है और तकनीकी खराबी की संभावना की जांच शुरू कर दी है। कार की शुरुआती जांच में बाहरी टक्कर या हाल ही में हुए किसी हादसे के कोई निशान नहीं मिले। पुलिस सूत्रों ने बताया कि हालांकि गाड़ी लगभग 15 साल पुरानी थी, लेकिन उसका 'फिटनेस सर्टिफिकेट' वैध था। 

कैसे हुई मौत?

पुलिस को शक है कि घटना का पता कुछ समय तक नहीं चल पाया। क्योंकि कार खड़ी थी और आने-जाने वालों को पता नहीं चला कि अंदर कोई हादसा हो गया है। इस देरी के कारण मोहित गाड़ी में ही फंसे रहे और ज्यादा खून बहने से उनकी मौत हो गई। खून के नमूने लेने और गाड़ी के अंदरूनी हिस्से की जांच के लिए फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस आरटीओ अधिकारियों की मदद भी लेगी।

Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement