दुबई से पति ने भरोसे में भेजे 14 लाख के गहने, एयरपोर्ट से सामान लेकर गायब हुई महिला
मुंबई : दुबई में कारोबार करने वाले एक भारतीय ने अपनी पत्नी तक 14 लाख रुपये से अधिक का कीमती सामान सुरक्षित पहुंचाने के लिए जिस महिला पर भरोसा किया, वही महिला मुंबई पहुंचते ही सामान समेत गायब हो गई। सोने के गहनों, नए आईफोन, लैपटॉप और अन्य कीमती सामान से भरा बैग लेकर वह मुंबई एयरपोर्ट से इस तरह निकली कि फिर उसका कोई पता नहीं चला। अब मुंबई की सहार पुलिस ने उसके खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता कौसरी राजपूत मुंबई में रहती हैं, जबकि उनके पति उमर राजपूत पिछले करीब आठ वर्षों से दुबई में कारोबार कर रहे हैं। इसी दौरान उनकी पहचान महजबीन मोहम्मद इमरान नाम की महिला से हुई थी। दोनों के बीच इतना भरोसा बन गया था कि जब भी महजबीन दुबई जाती, उमर उसके ठहरने और अन्य व्यवस्थाओं में मदद करते थे।
इसी विश्वास के चलते उमर ने पत्नी के लिए खरीदा गया करीब 14.42 लाख रुपये का सामान महजबीन को मुंबई पहुंचाने के लिए सौंप दिया। इसमें 50-50 ग्राम की सोने की दो चूड़ियां, 50 ग्राम की सोने की चेन, एक लैपटॉप, नए आईफोन, महंगे चॉकलेट और अन्य सामान शामिल था। सामान के साथ सभी वस्तुओं के मूल बिल भी उसे दिए गए थे, ताकि मुंबई में किसी तरह की परेशानी न हो।
30 जून को महजबीन मुंबई एयरपोर्ट पर उतरी। उसे रिसीव करने के लिए कौसरी राजपूत और उनके देवर पहले से ही एयरपोर्ट पर मौजूद थे। लेकिन उनसे मिलने या सामान सौंपने के बजाय महजबीन चुपचाप एयरपोर्ट से निकल गई। जब कौसरी ने उसे फोन किया तो पहले उसने कॉल काट दी और कुछ देर बाद मोबाइल भी बंद कर लिया।
कई दिनों तक संपर्क न होने पर कौसरी मुंबई के उपनगर ट्रॉम्बे स्थित महजबीन के घर पहुंचीं, लेकिन वहां भी पता चला कि वह घर नहीं लौटी है। उसके साथ यात्रा करने वाले एक अन्य व्यक्ति ने भी बताया कि पूरा कीमती सामान महजबीन के ही पास था।
जब हर स्तर पर तलाश के बावजूद न तो महिला का पता चला और न ही सामान वापस मिला, तब कौसरी ने सहार पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। जांच के बाद पुलिस ने महजबीन मोहम्मद इमरान के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपी महिला और उसके पास मौजूद करीब 14.42 लाख रुपये के सामान का पता लगाने के लिए उसकी लोकेशन लगातार ट्रैक कर रही है।