Latest News

हैदराबाद : मौजूदा आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले डेविड वॉर्नर आज इस लीग में अपना अंतिम मैच खेलेंगे। वजह है वर्ल्ड कप जिसकी तैयारी के लिए उन्हें ऑस्ट्रेलियाई टीम से जुड़ना है। वह आईपीएल-12 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। सनराइजर्स हैदराबाद टीम अपने इस इन फॉर्म ओपनर को जीत के साथ विदाई देना चाहती है और उसका मुकाबला किंग्स इलेवन पंजाब से है। दोनों ही टीमों के 11-11 मैचों में 10-10 पॉइंट्स हैं और दोनों ने अपने पिछले दोनों मैच गंवाए हैं। लगातार तीसरी हार इन दो में से एक टीम को प्लेऑफ की रेस से बाहर भी कर सकती है। टूटी ओपनिंग जोड़ी: वॉर्नर इस आईपीएल में 600 या इससे ज्यादा रन बनाने वाले एकमात्र खिलाड़ी हैं। यह लगातार तीसरा आईपीएल सीजन (2016,2017 और 2019) है जिसमें इस ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ने 600 या इससे ज्यादा रन बनाए हैं। पिछले सीजन में वह बैन होने के कारण नहीं खेले थे। मौजूदा सीजन में हैदराबाद टीम ने पांच मैचों में जीत दर्ज की है और तकरीबन हर मैच में वॉर्नर-जॉनी बेयरस्टो की जोड़ी ने शानदार भूमिका निभाई है। बेयरस्टो भी वर्ल्ड कप की तैयारी के लिए इंग्लैंड लौट चुके हैं। पंजाब गेल और राहुल पर निर्भर : सनराइजर्स की तरह किंग्स इलेवन पंजाब भी ओपनर्स पर काफी निर्भर है। क्रिस गेल (444 रन) और लोकेश राहुल (441 रन) बढ़िया लय में हैं तो वहीं मयंक अग्रवाल (262 रन) ने भी कुछ अच्छी पारियां खेली हैं। 


Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement