मुंबई-नागपुर समृद्धि महामार्ग पर ट्रैफिक ब्लॉक, 31 अगस्त से 7 सितंबर के बीच सफर करनेवालों के लिए अडवाइजरी
मुंबई : महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम ने बताया कि समृद्धि एक्सप्रेसवे पर यात्रा करने वालों को 31 अगस्त से 7 सितंबर के बीच सिन्नर और इगतपुरी इंटरचेंज के बीच एक घंटे तक के ट्रैफिक ब्लॉक का सामना करना पड़ सकता है। एमएसआरडीसी के अधिकारियों ने कहा कि इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम के तहत सीसीटीवी कैमरों के लिए गैंट्री लगाने का काम आसान बनाने के लिए ये अस्थायी ब्लॉक लगाए जा रहे हैं।
हाईवे पुलिस से मिली मंज़ूरी के अनुसार, यह काम दो चरणों में किया जाएगा। पहले चरण में, 31 अगस्त, 1 सितंबर और 2 सितंबर को सिन्नर और भारवीर इंटरचेंज के बीच ट्रैफिक रोका जाएगा। मुंबई जाने वाला ट्रैफिक दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक बंद रहेगा, जबकि नागपुर जाने वाला ट्रैफिक दोपहर 3 बजे से शाम 4 बजे तक रोका जाएगा।
4 से 7 सितंबर के बीच दूसरा चरण
एक दिन के अंतराल के बाद, दूसरा चरण 4, 5 और 7 सितंबर को भारवीर और इगतपुरी इंटरचेंज के बीच पूरा किया जाएगा। एक अधिकारी ने कहा कि दूसरे चरण में, 4, 5 और 7 सितंबर को भारवीर इंटरचेंज और इगतपुरी इंटरचेंज के बीच काम होगा। यही शेड्यूल लागू रहेगा, जिसमें मुंबई जाने वाली लेन दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक और नागपुर जाने वाली लेन दोपहर 3 बजे से शाम 4 बजे तक बंद रहेंगी।
मुंबई-नागपुर के बीच सफर करने वालों के लिए सलाह
एमएसआरडीसी ने एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल करने वाले यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें और अस्थायी ट्रैफिक प्रतिबंधों को ध्यान में रखें। काम के दौरान मुंबई और नागपुर दोनों दिशाओं में निर्धारित समय के लिए वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी।
अधिकारियों के अनुसार, समृद्धि महामार्ग पर सीसीटीवी आधारित निगरानी और आईटीएमएस प्रणाली को मजबूत करने के लिए यह कार्य किया जा रहा है, जिससे भविष्य में यातायात प्रबंधन, सड़क सुरक्षा और आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।