Latest News

मुंबई। मुंबई के चेंबूर इलाके में 25 वर्षीय युवक ने अपनी 19 वर्षीय गर्भवती प्रेमिका पर बेवफाई के शक होने के कारण कोल्ड ड्रिंक में जहर मिलाकर पिला दिया। पुलिस के मुताबिक, पीड़िता का नाम विष्णुमाया था और वह करीब दो से ढाई महीने की गर्भवती थी। विष्णुमाया चेंबूर में अपनी बुआ के साथ रहती थी और उसका 25 वर्षीय ब्वॉयफ्रेंड आशीष मगर भी उनके साथ ही रहता था। विवाद की शुरुआत 25 अगस्त को तब हुई, जब आशीष ने विष्णुमाया को किसी अन्य दोस्त के साथ देख लिया। इस बात से उसे विष्णुमाया के चरित्र पर शक हुआ और दोनों के बीच तीखी बहस हो गई।

शांत माहौल के बीच खौफनाक साजिश

जांचकर्ताओं के अनुसार, कुछ समय बाद दोनों के बीच बहस थम गई और माहौल शांत होता नजर आया। विष्णुमाया को लगा कि झगड़ा खत्म हो गया है, लेकिन आशीष ने इसी दौरान कोल्ड ड्रिंक में जहरीली गोलियां मिलाईं और विष्णुमाया को पीने के लिए दे दी। इस साजिश से अनजान विष्णुमाया ने वह ड्रिंक पी ली। कुछ ही मिनटों में उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और उसे उल्टियां होने लगीं।

शुरुआत में परिवार वालों को लगा कि यह कोई सामान्य स्वास्थ्य समस्या है, लेकिन जब उसकी हालत और ज्यादा खराब हो गई और वह बेहोश हो गई, तो रिश्तेदार उसे तुरंत एक निजी अस्पताल ले गए। बाद में उसे दूसरे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन भर्ती होने से पहले ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सामने आया हत्या का सच

शुरुआत में यह मामला संदिग्ध नहीं लग रहा था। उपलब्ध जानकारी और आसपास के लोगों के बयानों के आधार पर पुलिस ने एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हालांकि, जब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई, तो मामले ने एक नया मोड़ ले लिया। रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि विष्णुमाया की मौत जहर खाने से हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद पुलिस ने नए सिरे से जांच शुरू की और पीड़िता से जुड़े लोगों से पूछताछ की। इसी दौरान पुलिस को विष्णुमाया और आशीष के रिश्ते तथा उस दिन हुए विवाद के बारे में पता चला।

सबसे अहम सुराग पीड़िता के परिवार से मिला। जांचकर्ताओं के अनुसार, बेहोश होने से ठीक पहले विष्णुमाया ने अपने रिश्तेदारों को बताया था कि आशीष के हाथ से कोल्ड ड्रिंक पीने के बाद ही उसकी तबीयत बिगड़ी थी। इस बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया।

Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement