Latest News

मुंबई : मुंबई और आस-पास के इलाकों में इस बार मॉनसून देरी से पहुंचने की खबर है। जानकारी के अनुसार, एक तरफ जहां मॉनसून देरी से आ रहा है, वहीं शुरुआती चरण में कम बारिश की भी उम्मीद है। स्काइमेट से मिली जानकारी के अनुसार, अल-नीनो के असर के कारण इस साल मॉनसून सेट में 5-6 दिन की देरी रहेगी। मौसम का पूर्वानुमान करने वाली निजी संस्था स्काइमेट के अनुसार, इस साल देश के अधिकतर हिस्सों में देरी से मॉनसून के पहुंचने की संभावना है। सामान्य तौर पर केरल में मॉनसून 1 जून को पहुंच जाता है, लेकिन इस साल इसकी उम्मीद 4 जून तक जताई जा रही है। देश के दक्षिण इलाकों में देरी से पहुंच रहे मॉनसून के कारण मुंबई भी प्रभावित होगी। यहां भी तकरीबन एक सप्ताह देरी से अच्छी बारिश होने की संभावना है। 

पिछली बार 9 को आया था मॉनसून 

मिली जानकारी के अनुसार, मुंबई में मॉनसून जून के दूसरे सप्ताह की शुरुआत तक आ जाता है। पिछले साल 9 जून को मुंबई में मॉनसून पहुंचा था और शुरुआत में ही झमाझम बारिश देखने को मिली थी। स्काइमेट में मौसम विभाग के प्रमुख महेश पलावत ने कहा कि अल-नीनो के असर और मॉनसून के ओवरऑल प्रोग्रेस की गति धीमी होने के कारण मुंबई में मॉनसून सेट होने में देरी होगी। हो सकता है कि प्री-मॉनसून बारिश थोड़ी पहले हो जाए, लेकिन झमाझम बारिश के लिए मुंबईकरों को थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा। बता दें कि अल-नीनो मॉनसून को प्राभिवत करने वाला एक फेनॉमेना है। इसके प्रभाव से प्रशांत महासागर में समुद्र की सतह गर्म हो जाती है, इससे हवाओं के रास्ते और रफ्तार में परिवर्तन आ जाता है, जिसके चलते मौसम चक्र बुरी तरह से प्रभावित होता है। मौसम में बदलाव के कारण कई स्थानों पर सूखा पड़ता है, तो कई जगहों पर बाढ़ आती है। इसका असर दुनिया के कई हिस्सों में देखने को मिलता है। 

विदर्भ और मराठवाडा में कम बारिश 

स्काई मेट के अनुसार, शुरुआत में मुंबई में भी मॉनसून कमजोर रहने की उम्मीद है, लेकिन जैसे-जैसे मॉनसून आगे बढ़ेगा मुंबई में अच्छी बारिश होगी। हालांकि इस साल भी राज्य के सूखा प्रभावित इलाकों विदर्भ और मराठवाडा में कम बारिश की संभावना है। वर्तमान स्थिति और आंकलन के अनुसार यह संभावना जताई गई है। 


Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement