फेसबुक पर हुई दोस्ती तो शादी का झांसा देकर किया रेप, अब मुकदमे के डर से किया निकाह
शादी का झांसा देकर दुष्कर्म के मामले में अंतत: समझौता हो गया। मुकदमे की तलवार गर्दन पर लटकते ही कारोबारी का बेटा पीड़िता के साथ निकाह को राजी हो गया। सोमवार रात करूला में दोनों पक्षों की मौजूदगी में निकाह की औपचारिकताएं भी पूरी की गईं। इसकी पुष्टि महिला थाना पुलिस ने भी की। पीड़िता कटघर थाना क्षेत्र की रहने वाली है। पिता प्राईवेट नौकरी करते हैं। फेसबुक के जरिए उसकी दोस्ती अमरोहा के जोया निवासी कपड़ा कारोबारी के बेटे से हुई थी। कुछ दिन बाद ही दोस्ती नजदीकी रिश्तों में बदल गई थी। शादी का झांसा देकर मुरादाबाद और अमरोहा के होटल में शारीरिक संबंध भी बनाए गए थे। अश्लील वीडियो भी बना ली थी। अचानक शादी से इनकार कर दिया। पीड़िता ने एसएसपी अमित पाठक से कार्रवाई की गुहार लगाई थी। महिला थाना पुलिस मामले की जांच कर रही थी। मंगलवार को रिपोर्ट दर्ज की जानी थी। इसी बीच सोमवार रात आरोपी कपड़ा व्यापारी ने परिवार वालों की मौजूदगी में निकाह कर लिया। मंगलवार सुबह उसने महिला थाना पुलिस को इसकी जानकारी भी दी। फोटोग्राफ भी दिखाए। पुलिस ने छात्रा व उसके घरवालों से भी निकाह की जानकारी की। एसओ महिला थाना ज्योति सिंह ने बताया कि पीड़िता लड़के से निकाह करना चाहती थी, लेकिन वह राजी नहीं था। सोमवार रात दोनों ने परिजनों की मौजूदगी में निकाह कर लिया है।