पति और दो बच्चों को छोड़ प्रेमी संग भागने का बनाया ये प्लान, कैसे फिरा पानी
उत्तर प्रदेश के बरेली में ससुराल वालों को नशीली गोली देकर प्रेमी के साथ जा रही महिला को लोगों ने पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को हिरासत में लिया है। नशीली गोलियों से बेहोश हुए परिवार वालों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बरेली के फतेहगंज पूर्वी इलाके की एक महिला का पति बाहर रहकर मजदूरी करके घर का गुजारा चला रहा था। महिला के गांव के युवक से प्रेम संबंध हो गए। इसके बाद उसने प्रेमी के साथ घर से भागने की योजना बनाई। शुक्रवार रात महिला ने ससुराल वालों को खाने में नशीली गोलियां दे दीं और जब सभी बेहोश हो गए तो प्रेमी के साथ निकल पड़ी। पड़ोस के घर में रात में लिंटर डाल रहे मजदूरों ने महिला को प्रेमी के साथ जाते देख लिया। मजदूरों ने प्रेमी को चोर समझकर पकड़ लिया। बाद में महिला को भी पकड़ा तो मामला समझ में आया। महिला को लेकर उसके घर गए तो वहां सभी को सोता देखा। उन्हें उठाया तो वे नहीं उठे। इस पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी तो आधी रात में ही फोर्स लेकर थाना प्रभारी रवि करण सिंह मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बेहोशी की हालत में परिजनों को जिला अस्पताल भेजा और महिला को हिरासत में ले लिया। वहीं, प्रेमी गांव वालों से छूटकर भाग गया। थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों की हालत में सुधार का इंतजार किया जा रहा है। उनके होश में आने के बाद जो तहरीर देंगे उसके हिसाब से कार्रवाई की जाएगी। भागे हुए महिला के प्रेमी की तलाश की जा रही है।
बच्चों का भी ख्याल नहीं किया: महिला ने नींद की गोली अपनी सास, देवर के साथ-साथ दो बच्चों को भी खिला दीं। गांव में यही चर्चा हो रही है कि अपने बच्चों पर तरस नहीं आया। गोलियों के असर से बच्चों की जान को भी खतरा हो सकता था। फिलहाल सभी का इलाज चल रहा है। डॉक्टरों ने सभी की हालत खतरे से बाहर बताई है।
महिला ने पूछताछ में बताया कि उसने रात को कटहल की सब्जी बनाई थी जिसमें उसने प्रेमी से पहले से ही मंगाकर रखी नींद की गोलियां मिला दीं। जब सभी बेहोश हो गए तो पड़ोस में ही रहने वाले प्रेमी को बुला लिया और दोनों घर से निकल पड़े मगर मजदूरों ने पकड़ लिया। ग्रामीणों ने बताया कि कुछ दिन पहले भी महिला उक्त युवक के साथ फरार हो गई थी। ज्यादा दबाव बढ़ने पर वापस आ गई थी।.