Latest News

दिल्ली : दिल्ली पुलिस के एक एएसआई ने एक रेस्तरां मैनेजर को महज इसलिए थाने में गुर्गा बनाकर बेरहमी से पीटा क्योंकि उसने उसका फोन नहीं उठाया। एएसआई इतने पर भी नहीं माना और उसने पीड़ित को चारपाई से बांधकर उसकी बेरहमी से पिटाई की। पीड़ित ने बाद में अपनी चोट दिखाते हुए उसका वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद आरोपी एएसआई को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं। 

मामला निजामुद्दी रेलवे स्टेशन थाने का है। यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में पीड़ित मैनेजर अपनी चोट दिखाते हुए रोता दिख रहा है। पीड़ित शिवम ठकराल निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर एक रेस्तरां में सीनियर मैनेजर हैं। उन्होंने बताया कि गुरुवार शाम थाने से फोन आया था। वहां से कुछ खाने का सामान मंगवाया गया था। ये लोग जान-पहचान वाले थे तो अक्सर फोन करके ही बोल देते थे और रेस्तरां से सामान भिजवा दिया जाता था। गुरुवार को भी ऐसे ही सामान मंगवाया गया और लगभग 15 से 20 मिनट में ऑर्डर पूरा करके थाने पहुंचा दिया गया। इस दौरान ऑर्डर देने के लिए उनके मोबाइल पर आरोपी एएसआई मुकेश मीणा का फोन भी आ रहा था, जिसे वह किसी कारणवश रिसीव नहीं कर पाए। दो-तीन बार फोन करने के बाद भी फोन नहीं उठाए जाने से एएसआई नाराज हो गया।

एएसआई मीणा ने थाने से एक होमगार्ड को भेजकर मैनेजर को बुलवाया। उनके थाने पहुंचते ही एएसआई उन्हें पीटने लगा और पीटते हुए ही अंदर ले गया। इसके बाद कमरे में बंद कर दिया। एएसआई पीटते हुए लगातार कह रहा था कि तुमने मेरा फोन क्यों नहीं उठाया। शिवम को उसने पहले लात-घूंसे मारे और फिर प्राइवेट पार्ट पर चोट पहुंचाई। एएसआई ने उसे मुर्गा बनाकर पीटा। उसके बाद उसे चारपाई से बांधकर पिटाई की गई। ज्यादा चोट लगने के कारण शिवम चीख रहे थे। काफी रोने के बाद एएसआई ने उन्हें छोड़ दिया।  इसके बाद पीड़ित ने अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी। भाई के आने के बाद इस संबंध में एसएचओ को लिखित शिकायत दी गई। शिकायत मिलने पर एसएचओ ने पीड़ित शिवम ठकराल का मेडिकल कराया। 

इस बीच पीड़ित ने रोते हुए अपना एक वीडियो बनाया और चोट को दिखाते हुए अपना दर्द बयां किया। इस वीडियो को उसने सोशल मीडिया के कई ग्रुपों में पोस्ट कर दिया। वीडियो वायरल होने पर जब डीसीपी को घटना की जानकारी हुई तो आरोपी एएसआई को सस्पेंड कर दिया गया।


Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement