Latest News

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. इस घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने चारो के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया. पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है. गुडम्बा थाना क्षेत्र के कल्याणपुर इलाके में एक व्यक्ति अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ रहता था. उसके दो बच्चे 6 साल का बेटा और 8 साल की बेटी थी. वह ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण पोषण कर रहा था. शुक्रवार की देर रात उसने अपनी पत्नी और दोनों बच्चों को जहर खिला दिया. अपनी पत्नी और बच्चों को जहर खिलाने के बाद उस व्यक्ति ने खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. इस संबंध में पुलिस कमिश्नर सुजीत पांडेय ने बताया कि शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि देर रात उसका अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. इसके बाद उसने यह खौफनाक कदम उठाया.

इस घटना के बाद एहतियातन पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है. आला अधिकारियों ने भी मौके का मुआयना कर घटना के संबंध में जानकारी ली. ई-रिक्शा चालक के संबंध में अधिक जानकारी नहीं मिल सकी है. बता दें कि अभी एक दिन पहले ही इसी तरह की घटना बिहार के मुंगेर में सामने आई थी, जहां एक दुकान संचालक ने अपने परिवार के चार लोगों की गला दबाकर हत्या करने के बाद खुद भी चौथी मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की थी. वह डिप्रेशन में था.


Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement