मुंबई : महाराष्ट्र में कोरोना के 10 पॉजिटिव मरीज
मुंबई : महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के 10 पॉजिटिव मरीज है. जिनमें 2 मुंबई के कस्तूरबा अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि 8 का पुणे में इलाज चल रहा है. इस बात की जानकारी मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने दी है. उन्होंने बताया कि सभी मरीजों की हालत स्थिर है. मुंबई के दोनों मरीज खतरे से बाहर हैं. मुख्यमंत्री ने बताया कि यह सभी मरीज हाल ही में दुबई टूर से लौटे 40 लोगों के समूह में शामिल थे. उन्होंने कहा कि इस ग्रुप के कई लोगों की जांच की गई है, जिनमें 6 लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है. बाकी की रिपोर्ट आनी बाकी है.
स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने बताया कि मुंबई समेत राज्य के सभी जिला अस्पतालों में कोरोना के संदिग्ध मरीजों के लिए आइसोलेशन बेड की व्यवस्था की गई है. उन्होंने कहा कि राज्य में सभी जरुरी दवाओं व मास्क का इंतजाम किया गया है. टोपे ने लोगों से इस वायरस से बचने के लिए सभी तरह की आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है. उन्होंने लोगों को नियमित रूप से हाथ धोने व खांसते समय मुंह पर रुमाल रखने की सलाह दी है.