कल्याण-डोंबिवली महानगर पालिका के 20 वार्ड बने हॉटस्पॉट, 102 वार्ड कोरोना से सुरक्षित
कल्याण : कल्याण-डोंबिवली महानगर पालिका के कुल 122 वार्डों में से 20 वार्ड कोरोना वायरस की चपेट में आने से मरीजों की बढ़ती संख्या के चलते हॉटस्पॉट बने हुए हैं. उक्त वार्ड के नागरिक घर में ही रहें और किसी दूसरे वार्ड में नहीं जाएं. बाकी 102 वार्ड आज भी कोरोना से सुरक्षित हैं. इसके लिए इन 102 वार्डों के रहिवासी नागरिकों को भी अधिक सुरक्षा बरतनी है. ऐसी अपील कडोंमपा के आयुक्त विजय सूर्यवंशी ने रविवार को एक वीडियो जारी कर मनपा क्षेत्र के नागरिकों से की है. आयुक्त ने बताया कि मनपा क्षेत्र में कोरोना मरीजों की संख्या का आंकड़ा 75 तक पहुंच गया है. रविवार को एक बुलेटिन जारी करते हुए केडीएमसी के कमिश्नर विजय सूर्यवंशी ने बताया कि मनपा क्षेत्र में केवल 20 वार्ड ही प्रभावित हैं. अन्य 102 वार्ड अभी पूरी तरह सुरक्षित हैं.
डेंजर जोन की जानकारी देते हुए सूर्यवंशी ने कहा कि वायलेनगर, खड़कपाड़ा कल्याण पश्चिम, चिंचपाड़ा, भगवान नगर, साईं नगर, जाई बाई स्कूल कल्याण पूर्व और डोंबिवली में म्हात्रेनगर, आयरेगांव, रेतीबंदर, तुकाराम नगर, छेड़ा रोड, सोनार पाड़ा आदि क्षेत्र हॉटस्पॉट यानी डेंजर जोन में हैं. यहां कोरोना मरीजों की संख्या अधिक पाई गई है. इसके अलावा 3367 लोगों को होम क्वारंटाइन में रखा गया था जिसमें 1800 लोगों ठीक पाए जाने पर घर भेज दिया गया है. अन्य 1487 लोगों को अभी भी होम क्वारंटाइन में रखा गया है. वार्ड संख्या- 3 गांधारी, 10 टिटवाला, 15 शहाड़, 23 फ्लावरवेली, 27 चिकणघर, 54 ठाकुरवाड़ी, 98 विजयनगर, 100 तीसगांव गांवठान आदि मिलाकर कुल 20 वार्ड प्रभावित हैं.