जीवीके ग्रुप के चेयरमैन के खिलाफ केस, 705 करोड़ के हेरफेर मामले में सीबीआई ने की कार्रवाई
मुंबई : केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने 705 करोड़ रुपये की अनियमितता के मामले में जीवीके ग्रुप के चेयरमैन जीवीके रेड्डी और उनके बेटे संजय रेड्डी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। रेड्डी के अलावा सीबीआई मे मामले में मुंबई इंटरनैशनल एयरपोर्ट लिमिटेड के अलावा एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के साथ-साथ अन्य कंपनियों के कई अधिकारियों के खिलाफ भी केस दर्ज किया है।
केंद्रीय जांच एजेंसी ने इन सभी लोगों पर 705 करोड़ रुपये की अनियमितता और साल 2012 से लेकर 2018 के बीच सरकारी खजाने को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया है। सीबीआई ने अपनी एफआईआर में कहा है कि जीवीके ग्रुप ने एएआई के अज्ञात अधिकारियों की देखरेख में मुंबई एयरपोर्ट के विकास के नाम पर अपनी एमआईएएल कंपनी के जरिए करोड़ों रुपये के फंड्स की हेराफेरी की है। मामले में जीवीके एयरपोर्ट होल्डिंग लिमिटेड, एमआईएएल, जीवीके ग्रुप चेयरमैन जीवीके रेड्डी समेत 14 लोगों और संस्थाओं के खिलाफ सीबीआई ने केस दर्ज किया है।