धारावी में आज कोरोना का सिर्फ एक मरीज मिलने से मेयर किशोरी पेडणेकर ने जताई खुशी
मुंबई : धारावी से आज कोरोना के मरीजों को लेकर अच्छी खबर सामने आई है। आज धारावी में सिर्फ एक कोरोना का संक्रमित मरीज पाया गया है। इस खबर से मुंबईवासी और प्रशासन ने राहत की सांस ली है। अब इस क्षेत्र में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 2335 हो गई है। जिनमें से 332 मामले सक्रिय हैं और 1735 लोग इलाज के बाद अपने घर जा चुके हैं। धारावी में अब कोरोना के मरीजों की संख्या धीरे धीरे कम होने लगी है। बीएमसी ने भी अब धारावी में कोरोना मरीजों के लिए आरक्षित बेड को कम करना शुरू कर दिया है।
कैसे कम हुए धारावी में मरीज
बीएमसी ने धारावी में कोरोना के मरीजों को ठीक करने और कोरोना को खत्म करने के लिए काफी मेहनत की है।इसके लिए बीएमसी ने एक मॉडल तैयार किया जिसकी चर्चा आज पूरे मुंबई शहर में है। धारावी मॉडल के तहत बीएमसी ने एनजीओ राज्य सरकार और अन्य संस्थाओं के साथ मिलकर तकरीबन चार लाख से ज्यादा घरों में सर्वेक्षण किया। इस सर्वेक्षण में कोरोना के कम लक्षण वाले मरीजों को भी शुरुआत में ही क्वारंटाइन कर दिया गया। कोरोना से जंग जीतने के लिए मरीजों ने भी प्रशासन का साथ दिया। क्वारंटीन सेंटर में जो कुछ भी प्रशासन की तरफ से खाने पीने के लिए दिया गया उसे मरीजों ने स्वीकार किया। लोगों की तरफ से प्रशासन को पूरा सहयोग दिया गया और प्रशासन ने भी धारावी के लोगों का पूरा ख्याल रखा।