वसई : नौकरी के नाम पर लाखों की ठगी, 2 लोगों पर मामला दर्ज
वसई : वसई गांव पुलिस स्टेशन के सांडोर इलाके में एक व्यक्ति को विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर बैंक लोन दिलाकर लाखों की ठगी किए जाने का मामला प्रकाश में आया है. ठगी के शिकार पीड़ित व्यक्ति की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है.
जानकारी के अनुसार वसई पश्चिम के सांडोर मादोडीवाड़ी निवासी जेफ्री रॉकी डीसूजा (33) ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर बताया कि मार्च 2020 में उसकी पहचान निलचंद्राणी गार्डन /102-सनसिटी वसई पश्चिम निवासी शीतल शहा से हुई थी. डिसूजा को विदेश में अच्छी नौकरी चाहिए थी, जिसके लिए वीजा एवं अन्य खर्च के लिए पैसों की मदद की लालच दी और शीतल ने पार्थ शहा की मदद से कैथलिक बैंक से 6 लाख रुपये लोन दिलाने का आश्वासन दिया. इसी बहाने उसने डिसूजा से सारे जरूरी कागजात ले लिए, लेकिन लोन पास होने के बाद उसका पैसा जेफ्री को देने के बजाय उसने अपने पास ही रख लिया. जिसकी जानकारी के बाद डिसूजा ने पुलिस स्टेशन में शिकायत की. जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी शीतल दीपक शहा व पार्थ दीपक शहा के खिलाफ मामला दर्ज किया है.