Latest News

मुंबई : मुंबई में देर रात से भारी बारिश हो रही है। भारी बारिश के कारण शहर के निचले इलाकों में पानी भर चुका है। लोअर परेल, दादर, हिंदमाता, किंग्स सर्किल, सायन, चेंबुर, अंधेरी, सांताक्रूज और कई इलाकों में सड़कें पानी में डूबी हुई हैं। मौसम विभाग ने आज दोपहर तक हाई टाइड की चेतावनी दी है। इसके चलते लोगों को बीच या फिर निचले इलाके में न जाने की सलाह दी गई है।

मुंबई के किंग्स सर्कल इलाके में भारी बारिश के चलते जलभराव की स्थिति है। यहां पुल के नीचे लंबा ट्रैफिक जाम लगा हुआ है। कई पानी घुसने के कारण कई वाहन खराब हो गए। वहीं वेस्टर्न हाइवे पर मराठा कॉलोनी के पास सांताक्रूज में भारी बारिश के चलते सड़कें तलाब बनी हुईं। कांदिवली के समता नगर वेस्टर्न एक्सप्रेस हाइवे में भूस्खलन के चलते एयरपोर्ट और शहर की जाने वाला हाइवे एक तरफ से बंद कर दिया गया है। साथ ही ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया गया। 

विरार-अंधेरी-बांद्रा के बीच विशेष उपनगरीय सर्विस

सेंट्रल रेलवे के अनुसार, हाई टाइड के चलते जलभराव के कारण वडाला और परेल की मेन लाइन व हार्बर लाइन पर उपनगरीय सर्विस निलंबित कर दी गई हैं। यहां उपनगरीय ट्रेनें किसी भी स्टेशन पर नहीं रुकेंगी। डाउन मेल/ एक्सप्रेस ट्रेनें री-शेड्यूल की जा रही हैं।वेस्टर्न रेलवे के अनुसार, दादर और प्रभादेवी में भी जलभराव के कारण विरार-अंधेरी-बांद्रा के बीच विशेष उपनगरीय सर्विस चलाई जा रही है। जबकि बांद्रा-चर्चगेट के बीच सर्विस सस्पेंड है।

दोपहर 12.47 बजे आएगा हाई टाइड

मुंबई में देर रात से तेज बारिश हो रही है। आज दोपहर 12 बजकर 47 मिनट पर मुंबई में हाई टाइड की चेतावनी जाहिर की गई है। इस दौरान 4.51 मीटर ऊंची लहरें उठने की संभावना है। बीएमसी ने लोगों को बीच और निचले इलाकों में न जाने की सलाह दी है। 

कई इलाके पानी में डूबे

पिछले 10-12 घंटे से मुंबई में तेज बारिश के चलते कई इलाके पानी में डूब गए हैं। इससे मंगलवार दिन में यातायात भी बुरी तरह प्रभावित होने वाला है। लोअर परेल के अलावा मुंबई के दूसरे इलाके में भी बारिश से सड़कें डूबी हैं। परेल ईस्ट की तस्वीरें सामने आ रही हैं जहां पानी में डूबी बस सड़क पर खड़ी हुई है। वहीं लोग छाता और रेनकोट पहने कमर तक डूबी सड़कों पर चलने को मजबूर हैं।

10 घंटे में 230 मिमी बारिश

मुंबई में पिछले 10 घंटे से बारिश हो रही है। बीएमसी के अनुसार, इस दौरान मुंबई में 230 मिमी से ज्यादा बारिश रेकॉर्ड की गई है। मुंबई शहर के कोलाबा में रात एक बजे तक लगभग 69 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि उपनगरीय इलाके सांताक्रूज में 87 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

अगले 24 घंटे में भारी बारिश की चेतावनी

लगातार हो रही भारी बारिश के कारण मौसम विभाग ने मुंबई के लिए रेड अलर्ट जारी किया है और अगले 24 घंटे में बहुत तेज बारिश की संभावना जताई है।

वेस्टर्न और हार्बर लाइन पूरी तरह बंद

बारिश के चलते कुर्ला और सीएसएमटी के बीच वेस्टर्न और हार्बर लाइन पूरी तरह बंद है। सेंट्रल लाइन धीमी गति से चल रही है। मुंबई में 26 जगहों ज्यादा पानी भर गया है। मुंबई शहर और उपनगर के कई इलाकों में 8 रूट पर बेस्ट बसें डायवर्ट कर दी गई हैं।

ऑफिस बंद रखने की अपील

मुंबई बीएमसी ने शहर में आज और बुधवार रेड अलर्ट जारी करते हुए मुंबईकरों को घर पर ही रुकने की हिदायत दी है। बीएमसी ने मुंबई के सभी प्राइवेट ऑफिस को निवेदन किया है कि आज भारी बरसात , बड़ी हाई टाइड के चलते रेड अलर्ट है तो अपने दफ्तर बंद रखे जाएं।


Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement