Latest News

मुंबई :  मुंबई में कोरोना के बढ़ते प्रभाव की वजह से लोकल ट्रेनों को आम जनता के लिए अभी तक पूरी तरह से शुरू नहीं किया गया है। जिसके चलते मुंबई के नागरिक शहर के दूसरी लाइफलाइन मानी जाने वाली बेस्ट बसों के जरिए यात्रा कर रहे हैं। अनलॉक शुरू होने के साथ ही लोगों को बेस्ट बस के जरिए यात्रा करने की सहूलियत दी गयी थी। फिलहाल 23 लाख यात्री बेस्ट बस के जरिए रोजाना यात्रा कर रहे हैं। यात्रियों की संख्या को और बढ़ाने के लिए बेस्ट प्रशासन ने इस वर्ष किराया ना बढ़ाने का फैसला किया है।
पहले 30 लाख लोग बेस्ट में यात्रा करते थे
मुंबई में लॉकडाउन के पहले तकरीबन 30 लाख लोग बेस्ट बस के जरिये यात्रा करते थे। फिलहाल यह संख्या 23 लाख है। शहर में कोरोना का असर अभी भी कायम है और कोरोना के मामलों में भी इजाफा देखा जा रहा है। इस वजह से मुंबई की लोकल ट्रेन सेवा को अभी तक शुरू नहीं किया गया है। लॉकडाउन के पहले 9 मार्च को 10 यात्रियों की संख्या 30 लाख 88 हज़ार 834 थी। जबकि लॉकडाउन हटाने के बाद 20 नवंबर को बेस्ट यात्रियों की संख्या 22 लाख 47 हज़ार 542 थी। इस प्रकार बेस्ट को 2 करोड़ तीन लाख 39 हज़ार रुपये की कमाई हुई है।
किराया बढ़ा तो कम हो सकते हैं यात्री
बेस्ट प्रशासन को इस बात का भी भय है कि अगर उन्होंने किराया बढ़ाया तो यात्रियों की संख्या में कमी आ सकती है। जिसका सीधा असर बेस्ट की कमाई पर पड़ेगा। इस वजह से किराया बढ़ाने का फिलहाल कोई इरादा नहीं है। फिलहाल मुंबई में लोकल ट्रेन को चलाने के लिए अभी तक कोई भी फैसला नहीं लिया जा सका है। शहर में कोरोना के मामले दोबारा बढ़ने शुरू हुए हैं। बीएमसी कमिश्नर के मुताबिक कोरोना के हालात का जायजा लेते हुए 15 दिसंबर के बाद ही लोकल ट्रेन को शुरू करने का फैसला लिया जाएगा। तब तक नागरिकों को निजी वाहन या फिर बेस्ट बस के जरिए यात्रा करनी होगी।

Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement