बार के बाहर महिलाओं ने किया हंगामा
कल्याण, कल्याण पूर्व के सत्यम बार पर स्थानीय महिलाओं का गुस्सा आखिरकार फूट पड़ा और सैकड़ों महिलाओं ने बार के पास जाकर हंगामा कर बार को बंद करने के लिए मजबूर कर दिया। कल्याण पूर्व के कोलसेवाड़ी पुलिस थाने के हद में आने वाला सत्यम नामक आर्केस्ट्रा बार में बज रहे म्यूजिक की तेज आवाज और बार से निकलने वाले पियक्कड़ों के चलते परिसर के महिलाओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। रोज रोज की परेशानियों से तंग आई महिलाओं ने पूर्व नगरसेविका निर्मला रायबोले के साथ सोमवार की रात बार पर धावा बोल दिया और रोज रोज की परेशानियों से निजात दिलाने की बात कही।
बतादें कि म्यूजिक की तेज आवाज से आसपास रह रहे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है, महिलाओं का कहना था कि बार से निकलने वाले बेवड़े परिसर की महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार, गलत ढंग से देखते हैं। आक्रोशित महिलाओं की भीड़ को देख कोई अप्रिय घटना न हो इस लिए मौके पर कोलसेवाड़ी पुलिस पहुंचकर माहौल को शांत कराते हुए बार वाले को सभी नियम पालन करते हुए बार को चलाने को कहा। जिसके बाद महिलाओं की भीड़ वहां से कम हुई।