मुंबई में तीन मैरिज हॉल पर केस दर्ज
मुंबई : मुंबई पुलिस ने तीन मैरिज हॉल के खिलाफ 50 की निर्धारित सीमा से अधिक अतिथियों को अनुमति देने को लेकर मामला दर्ज किया है। नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि कलीना के सीएसटी रोड पर इन बारातघरों में शुक्रवार को कम से कम 200-200 अतिथि पहुंचे थे। उनके अनुसार, कई अतिथियों ने मास्क नहीं लगा रखे थे और सामाजिक दूरी के नियम का पालन नहीं किया गया था।
अधिकारी ने कहा, "शुक्रवार रात को निरीक्षण पर गये बीएमसी (बृहन्मुम्बई महानगरपालिका) के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने इन तीन बारातघरों में नियमों का उल्लंघन पाया।"
उन्होंने बताया कि इन बारातघरों के विरूद्ध वकोला थाने में कोविड-19 नियमों के उल्लंघन को लेकर मामला दर्ज किया गया। मुंबई में पिछले कुछ दिनों से कोरोना वायरस के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। शहर में शुक्रवार को संक्रमितों की संख्या 3,23,879 तक पहुंच गयी थी।
महाराष्ट्र में पिछले 20 दिनों से रोजाना 5,000 से अधिक मामले सामने आ रहे हैं। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द इन आंकड़ों में कमी नहीं आई तो नए सिरे से लॉकडाउन लागू किया जा सकता है।