कबाड़ी की किडनैपिंग
मुंबई : आर्थिक लेनदेन को लेकर हुए विवाद में दक्षिण मुंबई के एक कबाड़ व्यवसायी को अगवा कर लिया और यूपी में रहनेवाली कबाड़ी की बीवी से ढाई लाख रुपए की फिरौती मांग रहे थे। इस मामले में नागपाड़ा पुलिस ने ४ लोगों को गिरफ्तार किया है।
बता दें कि इरशाद आलम खान दक्षिण मुंबई के कमाठीपुरा स्थित ९वीं गली में कबाड़ का व्यवसाय करता है। उसका कुछ लोगों से आर्थिक लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद में उन लोगों ने इरशाद का अपहरण कर लिया और उसे भिवंडी में बंधक बना रखा था। इस बात का खुलासा तब हुआ जब अपहर्ता इरशाद के मोबाइल फोन से यूपी में रहनेवाली उसकी बीवी को फोन करके धमकाने लगे। वे इरशाद की रिहाई के बदले ढाई लाख रुपए की मांग कर रहे थे। इरशाद की बीवी से मिली जानकारी के बाद उसके भांजे शकील अनीस खान ने नागपाड़ा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए नागपाड़ा पुलिस ने जाल बिछाया तथा अपहर्ताओं को फिरौती के पैसे देने के बहाने बुलाकर दबोच लिया। इस मामले में पुलिस ने इरशाद को सकुशल मुक्त करा लिया है तथा अब्दुल रहमान इकलाक अहमद मोमीन, अजीम अख्तर मोहम्मद रमजान अंसारी, अबू फैसल नबी सरवर शेख और नौशाद गुलमोहम्मद अंसारी नामक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।