Latest News

मुंबई। मुंबई की लोकल ट्रेन में सफर के दौरान आपने कई बार यात्रियों की भीड़ और धक्का-मुक्की देखी होगी. लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में एक महिला ऐसी हरकत करती नजर आ रही है, जिसे देखकर लोग हैरान हैं. वीडियो में महिला लोकल ट्रेन के मोटरमैन के केबिन में घुसने की कोशिश करती दिखाई दे रही है. वह केबिन के दरवाजे का हैंडल दोनों हाथों से पकड़े हुए है और पीछे की तरफ झुककर अंदर जाने की कोशिश कर रही है.

सोशल मीडिया पर दावा किया गया कि यह घटना मुंबई के गोरेगांव रेलवे स्टेशन की है. हालांकि, रेलवे की जांच में गोरेगांव स्टेशन पर ऐसी किसी घटना की पुष्टि नहीं हुई है. वहीं ये भी कहा जा रहा है कि महिला नशे में थी. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में एक महिला लोकल ट्रेन के मोटरमैन के केबिन के दरवाजे पर लटकी दिखाई देती है. वह दोनों हाथों से दरवाजे का हैंडल पकड़कर उसे खोलने की कोशिश करती है. इस दौरान वह पीछे की तरफ झुकती है और केबिन के अंदर जाने का प्रयास करती नजर आती है.

बता दें कि लोकल ट्रेन का मोटरमैन केबिन प्रतिबंधित क्षेत्र होता है. इसमें आम यात्रियों को जाने की अनुमति नहीं होती. ऐसे में महिला की इस हरकत को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आईं. कुछ यूजर्स ने दावा किया कि महिला शराब के नशे में थी. हालांकि, वीडियो के आधार पर उसके नशे में होने की पुष्टि नहीं की जा सकती. वीडियो को लेकर 16 नवंबर को इंस्टाग्राम के जरिए रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (आरपीएफ) से शिकायत की गई थी. शिकायत में बताया गया था कि गोरेगांव रेलवे स्टेशन पर एक महिला लोकल ट्रेन के मोटरमैन के केबिन के बाहर खड़ी थी. इसके बाद आरपीएफ के असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर सुभाष यादव और हेड कांस्टेबल विनायक कोरे ने गोरेगांव स्टेशन के स्टेशन मास्टर और गवर्नमेंट रेलवे पुलिस के साथ मिलकर मामले की जांच की. अधिकारियों ने स्टेशन के कर्मचारियों से जानकारी जुटाई, लेकिन किसी ने भी ऐसी घटना होने की पुष्टि नहीं की.

आरपीएफ ने जांच के दौरान प्लेटफॉर्म नंबर 1 और 2 के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी देखी. इसमें प्लेटफॉर्म के उत्तरी और दक्षिणी हिस्सों के फुटेज शामिल थे. लेकिन किसी भी कैमरे की रिकॉर्डिंग में महिला के मोटरमैन के केबिन में घुसने की कोशिश करने जैसी घटना नहीं मिली. रेलवे ने मिड-शिफ्ट और नाइट-शिफ्ट में तैनात कर्मचारियों से भी पूछताछ की. अधिकारियों के मुताबिक, न तो मोटरमैन और न ही ट्रेन के गार्ड ने स्टेशन मास्टर के कार्यालय में ऐसी कोई शिकायत दर्ज कराई थी. आरपीएफ ने साफ किया कि गोरेगांव स्टेशन पर ऐसी घटना होने का कोई सबूत नहीं मिला है. साथ ही, जांच में यह भी पता नहीं चल सका कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो आखिर किस रेलवे स्टेशन का है. यानी वीडियो में दिख रही घटना की वास्तविक जगह और उसके पीछे की परिस्थितियां अभी स्पष्ट नहीं हैं.


Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement