Latest News

मुंबई, जिस वांछित ड्रग्स तस्कर की मुंबई पुलिस १० वर्षों से तलाश कर रही थी, वह यूपी के सिद्धार्थ नगर जिले में नेतागीरी कर रहा था। लेकिन हाल ही में हुए पंचायत चुनावों में उसकी अति सक्रियता ही उसे भारी पड़ गई। विरोधियों की सूचना पर मुंबई से सिद्धार्थ नगर पहुंची एएनसी, आजाद मैदान यूनिट की टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
बता दें कि ठाणे जिले के कलवा (पूर्व) में रहनेवाले अब्दुल खान (बदला हुआ नाम) को एएनसी, आजाद मैदान टीम ने वर्ष २०१० में ड्रग्स तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया था, लेकिन कुछ दिनों बाद अब्दुल जमानत पर छूट गया और फरार हो गया था। वह बाद में सुनवाई के दौरान कभी भी अदालत में उपस्थित नहीं हुआ। उसे गिरफ्तार करने के लिए ‘एएनसी’ की टीम सिद्धार्थ नगर भी गई लेकिन अब्दुल उनके हाथ नहीं लगा।
हाल ही में पुलिस को अब्दुल के बारे में पुख्ता सूचना मिली, जिसके बाद डीसीपी दत्ता नलावडे एवं वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक राजेंद्र दहिफले के मार्गदर्शन तथा एपीआई सचिन कदम के नेतृत्व में एक टीम फिर सिद्धार्थ नगर पहुंच गई। हालांकि, दूसरी बार भी अब्दुल, मुंबई पुलिस के हाथ नहीं लगा।
अब्दुल को दबोचने में दूसरी बार नाकाम होकर मुंबई पुलिस वापस लौटने की तैयारी कर ही रही थी तभी विरोधियों ने उन्हें बताया कि अब्दुल अपने ग्राम प्रधान का दायां हाथ बनकर गांव में नेतागीरी कर रहा है। हाल में हुए पंचायत चुनावों में वह काफी सक्रिय रहा। स्थानीय पुलिस में उसने अच्छी पैठ बना ली है। स्थानीय पुलिस उसे मुंबई पुलिस के आने की सूचना पहले ही दे देती है इसलिए वह भूमिगत हो जाता है। इस सूचना के बाद मुंबई पुलिस अब्दुल के गांव से ५० किलोमीटर दूर आकर रुक गई। अब्दुल को लगा कि मुंबई पुलिस वापस लौट गई है और वह गांव लौट आया। विरोधियों ने इसकी सूचना मुंबई पुलिस को दे दी, जिसके चार घंटे बाद दोबारा धावा बोलकर मुंबई पुलिस ने उसे दबोच लिया। अदालत ने अब्दुल को १५ दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement