Latest News

मुंबई, एंटीलिया कांड और वसूली के आरोपों में घिरे मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह के खिलाफ दो बार वारंट जारी होने के बावजूद वे हाजिर नहीं हुए। इसके कारण उनकी सैलरी रोके जाने के बाद अब निलंबन की कार्रवाई की जा सकती है। संदेह जताया जा रहा है कि परमबीर नेपाल के रास्ते विदेश भाग चुके हैं।
बता दें कि एंटीलिया कांड और वसूली के आरोपों में परमबीर सिंह के खिलाफ मुंबई और ठाणे में कई एफआईआर दर्ज की गई हैं। इन मामलों में बयान दर्ज करने के लिए पुलिस ने परमबीर सिंह को कई बार समन भेजा लेकिन  कोई जवाब नहीं मिला। ऐसे में राज्य सरकार ने परमबीर को भगोड़ा मानते हुए सैलरी रोक दी है। परमबीर के खिलाफ ठाणे और मुंबई के किला कोर्ट से वारंट जारी होने के बावजूद परमबीर का कोई जवाब नहीं मिला है। सूत्रों का कहना है कि राज्य का गृह विभाग अब उनके निलंबन के संबंध में कार्रवाई का मन भी बना रहा है। इस मामले में जल्द ही गृह विभाग द्वारा एक नोटिस निकाला जा सकता है। इसके साथ ही केंद्रीय गृह विभाग को इसकी सूचना देकर निलंबन किया जाएगा।
एंटीलिया और मनसुख हिरेन हत्या मामले की जांच कर रही एनआईए ने मुंबई पुलिस के पूर्व आयुक्त परमबीर सिंह को पूछताछ के लिए कई बार समन भेजा है, लेकिन उन्हें अब तक कोई जवाब नहीं आया। वारंट जारी होने के बावजूद कोई जवाब नही आया है। ऐसे में अब एनआईए और महाराष्ट्र राज्य की जांच एजेंसियों को शक है कि गिरफ्तारी के डर से परमबीर सिंह नेपाल के रास्ते विदेश भाग गए हैं।


Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement