मुंबई के मेघवाडी पुलिस स्टेशन के शेरे पंजाब इलाके में एक बुजुर्ग ने अपनी पत्नी और बेटी की हत्या की
मंबुई में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात का खुलासा हुआ है। बताया जा रहा है कि अंधेरी स्थित एक मकान में 89 साल के एक बुजुर्ग ने अपनी पत्नी और मानसिक रूप से अस्वस्थ बेटी की कथित तौर पर हत्या कर दी।पुलिस के मुताबिक, दोनों की बीमारी से परेशान बुजुर्ग ने सोते समय दोनों की हत्या कर दी और लाश के साथ पूरी रात बिताई।
मेघवाडी थाने के एक अधिकारी ने बताया कि पुरुषोत्तम सिंह गंधोक ने अपनी 81 वर्षीय पत्नी कमलजीत सिंह और 55 वर्षीय पुत्री की शेर-ए-पंजाब कॉलोनी स्थित मकान में रविवार रात हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि हत्या के बाद उसने फ्लैट को अंदर से बंद करके पूरी रात लाश के साथ बिताई और सोमवार की सुबह अपनी बड़ी बेटी को फोन करके उसे घटना के बारे में जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि बेटी के घर पहुंचने पर गंधोक ने कमरा खोलने से इनकार कर दिया और बेटी से पहले पुलिस को फोन करने के लिए कहा। लेकिन बेटी ने उसे दरवाजा खोलने के लिए मना लिया। कमरे में गंधोक की पत्नी और उनकी अविवाहित और मानसिक रूप से अस्वस्थ बेटी की खून से लथपथ लाश पड़ी थी। पुलिस ने बताया कि आरोपी बुजुर्ग को हत्या के मामले में गिरफ्तार करके आगे की जांच की जा रही है।