सीबीआई ने मुंबई में फ्यूचर रिटेल लिमिटेड के खिलाफ 904 करोड़ रुपये से अधिक की बैंक धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया
मुंबई : केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने मुंबई में फ्यूचर रिटेल लिमिटेड के खिलाफ 904 करोड़ रुपये से अधिक की बैंक धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। ब्यूरो ने आज कंपनी के कई परिसरों पर तलाशी भी ली। यह मामला भारतीय स्टेट बैंक की शिकायत पर कंपनी, उसके प्रवर्तकों, प्रबंध निदेशकों, कार्यकारी निदेशकों, गारंटरों और अज्ञात सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ दर्ज किया गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने षडयंत्र के अंतर्गत भारतीय स्टेट बैंक और नौ बैंकों के समूह से कार्यशील पूंजी ऋण, सावधि ऋण और लेटर ऑफ क्रेडिट की सुविधा प्राप्त की।
सीबीआई के अनुसार, कंपनी ने बैंक से मिले धन का इस्तेमाल उस उद्देश्य के लिए नहीं किया, जिसके लिए उसे स्वीकृति दी गई थी। आरोप है कि कंपनी ने सहयोगी कंपनियों और उससे जुड़ी अन्य संस्थाओं के माध्यम से धन का दूसरे कार्यों में इस्तेमाल किया, जिससे बैंक को नुकसान हुआ। सीबीआई मामले की जांच कर रही है। जांच में कथित षडयंत्र की पूरी जानकारी जुटाने और इसमें शामिल सभी लोगों की भूमिका का पता लगाया जा रहा है।