Latest News

मुंबई : महाराष्ट्र के पंढरपुर-सोलापुर राजमार्ग पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें कम से कम चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई। सभी पीड़ित मुंबई के करीब डोंबिवली शहर के निवासी हैं। बताया जा रहा है कि पंढरपुर से भगवान विठ्ठल के दर्शन कर वापस लौट रहे श्रद्धालुओं की क्रूजर गाड़ी को एक तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक ने टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में तीन महिलाओं और एक 14 वर्षीय किशोर सहित कुल चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। 

गलत दिशा से आ रहे ट्रक ने मारी टक्कर

जानकारी के अनुसार, यह घटना सोमवार शाम लगभग 7 बजे पंढरपुर-सोलापुर मार्ग पर स्थित शारदनगर (मल्लेवाडी) के पास हुई। सभी श्रद्धालु क्रूजर गाड़ी में सवार होकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान ढेकलेवाडी गांव के पास सामने से आ रहे एक अनियंत्रित कंटेनर ट्रक ने गलत दिशा से आकर क्रूजर को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि क्रूजर गाड़ी सड़क किनारे पलट गई और उसका अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।

4 की मौत, 6 की हालत गंभीर

हादसे में जान गंवाने वाले श्रद्धालु ठाणे जिले के डोंबिवली इलाके के बताए जा रहे हैं। मृतकों की पहचान योगिनी केकाणे, सोनम अहिरे, सविता गुप्ता और आदित्य गुप्ता (14 वर्ष) के तौर पर हुई है। इस हादसे में अंजली यादव और सोहम घुगे समेत 6 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। स्थानीय नागरिकों और पुलिस की मदद से घायलों को तुरंत मंगलवेढ़ा उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। 

ट्रक चालक गिरफ्तार

प्रारंभिक जांच में हादसे का मुख्य कारण ट्रक चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार को माना जा रहा है। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक युवराज यशवंत गलवे को हिरासत में ले लिया है। पुलिस के मुताबिक, चालक नशे में था या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।

12 लोगों के लिए काल बना ट्रक

जानकारी के मुताबिक, डोंबिवली पश्चिम के उमेशनगर इलाके के 12 निवासियों का एक समूह तीन दिन पहले तीर्थयात्रा के लिए से कार से सोलापुर और कोल्हापुर गया था। इस दौरान उन्होंने विभिन्न तीर्थस्थलों पर जाकर भगवान के दर्शन किए। सोमवार शाम करीब साढ़े सात बजे सभी भाड़े के क्रूजर वाहन से सोलापुर जिले के मंगलवेढ़ा क्षेत्र से होकर पंढरपुर की ओर राष्ट्रीय राजमार्ग से जा रहा थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक की जोरदार टक्कर से उनका वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

बताया जा रहा है कि लगातार तीन दिन की छुट्टियों के चलते डोंबिवली के उमेशनगर के 12 लोग सोलापुर, कोल्हापुर और पंढरपुर क्षेत्र के धार्मिक स्थलों के दर्शन के लिए निकले थे। उनकी योजना कोल्हापुर में महालक्ष्मी देवी, तुलजाभवानी देवी के दर्शन करने के बाद पंढरपुर जाकर विठ्ठल-रखुमाई के दर्शन करने और फिर वापस लौटने की थी। शुरुआत में वे डोंबिवली से अपनी कार से यात्रा कर रहे थे, लेकिन सोलापुर पहुंचने के बाद उन्होंने आगे के सफर के लिए एक क्रूजर वाहन किराये पर लिया था। इस भयानक हादसे ने कई परिवारों की खुशियों को मातम में बदल दिया है।


Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement