मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर 32 घंटे बाद महाजाम खत्म! सरकार ने उठाया बड़ा कदम
मुंबई : मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर 32 घंटों से लगा भारी ट्रैफिक जाम अब खत्म हो गया है। आडोशी सुरंग के पास पलटे ज्वलनशील गैस टैंकर को प्रशासन ने कड़ी मशक्कत के बाद सड़क से हटा दिया है। मंगलवार शाम से शुरू हुआ यह संकट गुरुवार तड़के जाकर समाप्त हुआ, जिससे हजारों यात्रियों ने राहत की सांस ली है।
यह रेस्क्यू ऑपरेशन बेहद चुनौतीपूर्ण था क्योंकि टैंकर में प्रोपलीन जैसी ज्वलनशील गैस थी। इस हादसे के बाद मुंबई जाने वाली ट्रैफिक की लेन 24 घंटे से ज्यादा समय तक पूरी तरह से बंद रहीं। किसी भी अनहोनी को रोकने के लिए फायर ब्रिगेड की टीमें लगातार पानी की बौछार करती रहीं। इस मिशन में एनडीआरएफ, पुणे पुलिस, आईआरबी पुलिस, ONGC के विशेषज्ञ, CISF, फायर सर्विस और स्थानीय स्वयंसेवकों ने मिलकर काम किया। तीन क्रेनों की मदद से टैंकर को सीधा किया गया और एक्सप्रेसवे से हटाया गया।
न खाना, न पानी, न शौचालय की सुविधा...
मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा मंगलवार देर शाम में हुआ, जब टैंकर मोड़ पर नियंत्रण खो बैठा और पलट गया। इसके बाद गैस लीक होने की सूचना मिलने पर अधिकारियों ने तुरंत पुणे से मुंबई जाने वाली लेन को बंद कर दिया। प्रोपलीन गैस बेहद ज्वलनशील होने के कारण भीषण हादसा होने का खतरा था। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।
मंगलवार शाम करीब सवा 6 बजे से शुरू हुई इस ट्रैफिक जाम ने यात्रियों को बेहाल कर दिया। 25 से 30 किमी लंबा जाम लग गया। बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग पूरी रात बिना भोजन, पानी और शौचालय सुविधाओं के सड़क पर फंसे रहे।