मुंबई : मेट्रो 2बी प्रोजेक्ट ने पकड़ी बुलेट जैसी स्पीड! BKC-कुर्ला के बीच ट्रैफिक का टेंशन खत्म
मुंबई : मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी (एमएमआरडीए) ने मुंबई मेट्रो लाइन 2बी (डी.एन. नगर से मांडले) के निर्माण में एक माइलस्टोन पार कर लिया है. शनिवार तड़के करीब 4 बजे कुर्ला स्थित हलाव ब्रिज पर दो भारी-भरकम यू-गर्डर को सफलतापूर्वक लॉन्च और इंस्टॉल कर दिया गया. यह काम इसलिए भी खास है क्योंकि यह पूरा इलाका एयरपोर्ट फनल जोन के अंतर्गत आता है, जहां कंस्ट्रक्शन के लिए ऊंचाई की बेहद कड़ी सीमाएं लागू हैं. इस चुनौतीपूर्ण सेक्शन में वायडक्ट और पुराने ब्रिज के बीच केवल 3.5 मीटर का वर्टिकल क्लीयरेंस उपलब्ध था, लेकिन इंजीनियरिंग की सूझबूझ से इसे बिना किसी बाधा के पूरा कर लिया गया.
एयरपोर्ट फनल जोन में कैसे मिली बड़ी कामयाबी?
हलाव ब्रिज का यह हिस्सा मेट्रो प्रोजेक्ट के लिए सबसे कठिन टास्क माना जा रहा था. एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के एविएशन हाइट नॉर्म्स के चलते यहां काम करना जोखिम भरा था. एमएमआरडीए ने इसके लिए सभी जरूरी परमिशन लीं और रात के सन्नाटे में इस काम को अंजाम दिया.
जब सड़क पर ट्रैफिक का दबाव सबसे कम था, तब 500 एमटी की विशालकाय क्रेन और एक्सपर्ट्स की टीम ने 20 मीटर लंबे दो यू-गर्डर को उनकी सही जगह पर फिट किया.
इस दौरान एम्बुलेंस और ऑटो जैसी हल्की गाड़ियों को निकलने दिया गया, जबकि बड़े वाहनों को दूसरे रास्तों पर मोड़ दिया गया ताकि सुरक्षा बनी रहे.