आईएसआईएस के ऑनलाइन प्रचार के मामले में महाराष्ट्र एटीएस की बड़ी कार्रवाई, मुंबई में छापेमारी
मुंबई : महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधक दस्ते यानी एटीएस ने प्रतिबंधित आतंकी संगठन आईएसआईएस के कथित ऑनलाइन प्रचार से जुड़े मामले में सोमवार को मुंबई के तीन ठिकानों पर बड़ी छापेमारी की. यह कार्रवाई देर शाम शुरू हुई और देर रात तक जारी रही. छापेमारी के दौरान मोबाइल फोन, लैपटॉप समेत कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए और कई लोगों से पूछताछ की गई.
खुफिया इनपुट पर कुर्ला और गोवंडी में छापे
सूत्रों के मुताबिक खुफिया इनपुट के आधार पर कुर्ला और गोवंडी के शिवाजी नगर इलाके में समन्वित तरीके से छापे मारे गए. इनपुट में कुछ व्यक्तियों के डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से कट्टरपंथी सामग्री के प्रसार और उपभोग से जुड़े होने की आशंका जताई गई थी. एटीएस की टीम ने तीनों ठिकानों पर एक साथ समन्वित तरीके से कार्यवाही को अंजाम दिया. महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधक सुरक्षा में किसी भी प्रकार की कोई भी कोताही नहीं चाहती इस लिए इनपुट आते ही छापे मारी शुरु कर दी.
फॉरेंसिक जांच से खुलेंगे कई राज
जब्त किए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फॉरेंसिक जांच शुरू कर दी गई है. इस जांच के जरिए ऑनलाइन गतिविधियों, संचार के माध्यमों और संभावित भर्ती प्रयासों से जुड़े साक्ष्य जुटाने की कोशिश की जा रही है. एटीएस का मानना है कि डिजिटल उपकरणों की जांच से इस नेटवर्क की पूरी कड़ी सामने आ सकती है.
कई लोगों से पूछताछ, जांच का दायरा बढ़ने के संकेत
छापेमारी के दौरान कई लोगों से पूछताछ भी की गई ताकि उनकी कथित संलिप्तता की प्रकृति और दायरे का पता लगाया जा सके. यह कार्यवाही कट्टरपंथी गतिविधियों और आईएसआईएस से जुड़ी प्रचार सामग्री के ऑनलाइन प्रसार की चल रही जांच का हिस्सा है. अभी तक एटीएस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है और मामले में आगे की जानकारी का इंतजार है.