अकासा एयर का विमान प्रयागराज में रुके यात्रियों को लेकर मुंबई रवाना, एक दिन पूर्व रद हो गई थी उड़ान
मुंबई : प्रयागराज एयरपोर्ट पर 20 मार्च को तकनीकी खराबी के चलते अकासा एयर की मुंबई जाने वाली उड़ान को अंतिम समय में रद करना पड़ा था। इस विमान के अधिकांश यात्रियों को शनिवार को विमान के ठीक हो जाने के बाद शाम 4.45 बजे मुंबई भेजा गया। इस विमान में कुल 124 यात्रियों ने उड़ान भरी। वहीं मुंबई से दोपहर में 3.20 बजे प्रयागराज एयरपोर्ट आए विमान से 154 यात्री आए, जबकि इसी विमान से शाम चार बजे 186 यात्री रवाना हुई।
फ्लाइट रद होने से रुके यात्री आज हुए रवाना
शनिवार को दोनों विमान से 310 यात्री मुंबई रवाना हुए। फ्लाइट रद होने के बाद कुछ यात्रियों ने अपना रिफंड लिया था, कुछ ने बनारस से विमान पकड़ा था। जो यात्री होटल आदि में रुके थे उन्हें शनिवार को विमान उपलब्ध कराया गया।
उड़ान रद होने पर यात्रियों ने किया था हंगामा
बता दें कि शुक्रवार को अकासा एयर के विमान को शाम चार बजकर चार मिनट पर यात्रियों को लेकर प्रस्थान करना था। विमान में सवार होने के लिए कुल 160 यात्री पूरी तरह तैयार थे और बोर्डिंग की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी अपनी सीटों पर बैठ भी चुके थे। उड़ान भरने से कुछ ही मिनटों पहले विमान के तकनीकी तंत्र में आ गई, उसे जब दूर नहीं किया जा सका तो एक घंटे बाद उड़ान रद कर दी गई थी। इस पर यात्रियों ने हंगामा किया था।