Latest News

मुंबई : मुंबई के गोरेगांव में 11 अप्रैल को हुए एक म्यूजिक कॉन्सर्ट में ड्रग्स का ओवरडोज लेने से दो एमबीए छात्रों की मौत हो गई है. पुलिस ने इस मामले ड्रग सप्लाई चेन से जुड़े एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है.पुलिस के अनुसार कॉन्सर्ट में 3700 लोग शामिल थे. इस इवेंट में एक प्रतिष्ठित मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट के 25 छात्र भी आए थे. इनमें से एक छात्र और एक छात्रा की मौत ड्रग ओवरडोज से हो गई है. एक अन्य 25 साल की छात्रा आईसीसीयू में भर्ती है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है .

टाइम्‍स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार जांच में सामने आया है कि कई छात्रों ने कॉन्सर्ट में जाने से पहले कार में और कुछ ने वहां पहुंचकर गोलियां लीं थीं. कुछ ने इन्हें शराब के साथ मिलाकर भी पिया था. पुलिस ने बताया कि आरोपी रौनक ने दो लड़कियों को गोलियां दी थीं. उसने पूछताछ में बताया कि गोलियां उसे प्रतीक ने दी थीं. इसी आधार पर पुलिस ने डेवलपर आनंद पटेल को गिरफ्तार किया. अब एक और व्यक्ति को ड्रग सप्लाई चेन का लिंक मानते हुए हिरासत में लिया गया है.अब तक इस मामले में 6 लोग गिरफ्तार हो चुके हैं, जिनमें दो छात्र, एक डेवलपर, इवेंट आयोजक विहान समल और वेन्यू के दो सीनियर स्टाफ सदस्य शामिल हैं.

सभी को गुरुवार को मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया जाएगा. पोस्टमॉर्टम के बाद दोनों छात्रों के शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए. युवती का शव लखनऊ ले जाया गया है, जबकि युवक का अंतिम संस्कार गोरेगांव में किया गया. पुलिस ने फॉरेंसिक लैब में ब्लड और टिश्यू सैंपल भेजे हैं और रिपोर्ट जल्द आने की उम्मीद है.पुलिस ने इस मामले में 5-6 टीमों का गठन किया है और ड्रग सप्लाई चेन का पता लगाने की कोशिश कर रही है. पुलिस अधिकारी ने कहा कि और गिरफ्तारियां हो सकती हैं. अब तक 12 लोगों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं.


Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement