अस्पताल से छुट्टी मिलते ही फिर बिगड़ी शरद पवार की तबीयत, अब मुंबई के ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में एडमिट
मुंबई : महाराष्ट्र के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार की तबियत एक बार फिर खराब हो गई है. पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक से छुट्टी मिलने के कुछ ही समय बाद उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उनकी बेटी और बारामती से सांसद सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि शरद पवार को आगे की जांच के लिए ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
सुप्रिया सुले ने अपनी पोस्ट में लिखा, ‘हम बाबा (शरद पवार) को आगे की जांच के लिए ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती करा रहे हैं. आप सभी की चिंता और शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद.’
पुणे से मुंबई सड़क मार्ग से पहुंचे शरद पवार
दरअसल 85 वर्षीय शरद पवार को बुधवार को ही पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक से छुट्टी मिली थी. इसके बाद वह सड़क मार्ग से मुंबई के लिए रवाना हुए. मुंबई पहुंचने पर उन्हें सीधे ब्रीच कैंडी अस्पताल ले जाया गया, जहां आगे की जांच के लिए भर्ती किया गया है. हालांकि, फिलहाल उनकी नई जांचों के नतीजों या ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती किए जाने की वजह को लेकर विस्तृत मेडिकल जानकारी सामने नहीं आई है.
इससे पहले शरद पवार को 2 नवंबर को पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया था. उन्हें खांसी और सीने में दर्द की शिकायत थी. अस्पताल के डॉक्टरों ने उनकी जांच और मेडिकल ऑब्जर्वेशन के लिए उन्हें भर्ती किया था.
रूबी हॉल क्लिनिक के मुख्य हृदय रोग विशेषज्ञ, चेयरमैन और मैनेजिंग ट्रस्टी डॉ. परवेज के. ग्रांट ने बताया था कि शरद पवार को प्ल्यूरिटिक पेन की शिकायत के बाद सामान्य जांच और चिकित्सकीय निगरानी के लिए अस्पताल में रखा गया था. प्ल्यूरिटिक पेन यानी ऐसा सीने का दर्द, जो सांस लेने, खांसने या छींकने के दौरान बढ़ सकता है.
अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, छुट्टी दिए जाने के समय शरद पवार की हालत स्थिर थी और उनकी तबीयत में सुधार था. इसी आधार पर डॉक्टरों ने उन्हें अस्पताल से छुट्टी देने का फैसला किया था. उनकी बेटी सुप्रिया सुले ने भी पहले बताया था कि मेडिकल जांच के दौरान उनके स्वास्थ्य से जुड़े सभी पैरामीटर स्थिर थे.
पीएम मोदी ने भी फोन कर जाना था हालचाल
शरद पवार के स्वास्थ्य को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बुधवार सुबह उनसे फोन पर बात की थी. पवार के करीबी सहयोगी विठ्ठल मणियार ने बताया था कि प्रधानमंत्री ने फोन कर उनका हालचाल जाना और उन्हें पूरी तरह आराम करने की सलाह दी.
मणियार के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने बातचीत के दौरान शरद पवार से कहा था कि वे अपनी सेहत का ध्यान रखें और फिलहाल आराम करें. उन्होंने सुप्रिया सुले का जिक्र करते हुए कहा था कि अब वह तैयार हैं और वह तथा दूसरे लोग देश की जिम्मेदारी संभाल लेंगे. ऐसे में पवार को अपनी सेहत पर ध्यान देना चाहिए.
इस पर शरद पवार ने प्रधानमंत्री का आभार जताया था. उनके सहयोगी के अनुसार, पवार ने कहा कि वह आराम कर रहे हैं और उन्हें देश की चिंता नहीं है, क्योंकि सभी लोग जिम्मेदारी संभालने के लिए मौजूद हैं.