पानी बचाइए वरना बढ़ सकती है परेशानी! सिडको ने 28 मई से लागू किया 10% पानी कटौती
मुंबई: भीषण गर्मी, लगातार घटता जल संचय और मौसम विभाग की एल नीनो चेतावनी के बीच अब नवी मुंबई और आसपास के सिडको क्षेत्रों में पानी संकट गहराने लगा है। इसी को देखते हुए सिडको ने 28 मई 2026 से अपने अधिकार क्षेत्र में 10 प्रतिशत पानी कटौती लागू करने का बड़ा फैसला लिया है। सिडको प्रशासन का कहना है कि हेटवणे, मोरबे, बारवी और पातालगंगा बांधों में पानी का उपयोग योग्य स्टॉक लगातार कम हो रहा है। दूसरी तरफ तेज गर्मी के कारण जलाशयों में पानी का तेजी से वाष्पीकरण हो रहा है। ऐसे में अगर मानसून देरी से आता है तो आने वाले दिनों में गंभीर जल संकट पैदा हो सकता है। इसी स्थिति से बचने के लिए यह एहतियाती कदम उठाया गया है।
किन इलाकों में पड़ेगा असर?
सिडको की तरफ से जारी नए शेड्यूल के अनुसार अलग-अलग नोड्स में अलग-अलग दिन पानी सप्लाई बंद रहेगी। खारघर में सोमवार, तलोजा और कामोठे में शुक्रवार, कलंबोली और नवाडे में बुधवार को पानी बंद रहेगा। वहीं न्यू पनवेल ईस्ट में सोमवार और न्यू पनवेल वेस्ट में मंगलवार को शटडाउन रहेगा। उलवे और द्रोणागिरी के कई सेक्टर्स में भी अलग-अलग दिनों पर वाटर सप्लाई शटडाउन लागू किया जाएगा। सिडको ने साफ कहा है कि पानी सप्लाई शुरू होने के बाद कुछ समय तक लो प्रेशर की समस्या भी हो सकती है। इसलिए नागरिकों से पहले से पानी स्टोर करने और सतर्क रहने की अपील की गई है।
एल नीनो और बढ़ती गर्मी बनी चिंता
मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक इस साल एल नीनो और IOD परिस्थितियों का असर मानसून पर पड़ सकता है। इसी वजह से प्रशासन पहले से Water Management Plan पर काम कर रहा है। सिडको अधिकारियों के अनुसार सभी जलस्रोतों के उपलब्ध स्टॉक, रोजाना सप्लाई और भविष्य की जरूरतों की लगातार समीक्षा की जा रही है ताकि मानसून आने तक पानी की उपलब्धता बनी रहे।
लोगों से की गई खास अपील
सिडको प्रशासन ने नागरिकों, हाउसिंग सोसायटियों, दुकानों, इंडस्ट्री और बिजनेस प्रतिष्ठानों से पानी का जिम्मेदारी से इस्तेमाल करने की अपील की है। वाहन धोने, पीने के पानी का बेवजह उपयोग, टंकियों का ओवरफ्लो और पाइपलाइन लीकेज को तुरंत रोकने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने कहा कि अगर अभी से पानी बचाने पर ध्यान नहीं दिया गया तो आने वाले दिनों में हालात और मुश्किल हो सकते हैं।
दूसरे शहरों में भी पानी कटौती
सिडको के अलावा नवी मुंबई नगर निगम, पनवेल नगर निगम और महाराष्ट्र औद्योगिक विकास निगम ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में पानी कटौती के फैसले लिए हैं। इससे साफ है कि मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन में इस बार गर्मी और कम जलसंचय प्रशासन की बड़ी चिंता बन चुका है।
नागरिकों के लिए चेतावनी
प्रशासन ने कहा है कि पानी की हर बूंद अब महत्वपूर्ण है। यदि मानसून समय पर नहीं पहुंचा तो आने वाले हफ्तों में Water Shortage और गंभीर हो सकता है। इसलिए सभी नागरिकों को अभी से पानी बचाने की आदत अपनानी होगी।