कोस्टल रोड और दहिसर-भायंदर एलिवेटेड रोड परियोजनाओं के लिए 15,843 पेड़ों का होगा रोपण... बीएमसी देगी 12.81 करोड़
मुंबई : बीएमसी ने मुंबई कोस्टल रोड (नॉर्थ) और दहिसर-भायंदर एलिवेटेड रोड परियोजनाओं के तहत क्षतिपूरक वृक्षारोपण, पुनरोपण और संरक्षण कार्य के लिए महाराष्ट्र राज्य वन विकास महामंडल (एफडीसीएम) को तीसरी पक्ष एजेंसी नियुक्त करने का प्रस्ताव तैयार किया है। इस संबंध में 12 जून को होने वाली स्थायी समिति की बैठक में मंजूरी मांगी जाएगी। प्रस्ताव के अनुसार, बीएमसी एफडीसीएम को 12.81 करोड़ रुपये का भुगतान करेगी। इस राशि से रायगढ़ जिले के पनवेल स्थित करंजाडे क्षेत्र में 15 हेक्टेयर भूमि पर 15,843 पेड़ों का रोपण किया जाएगा और अगले सात वर्षों तक उनका रखरखाव एवं संरक्षण भी किया जाएगा। यह कार्य वृक्ष प्राधिकरण और पर्यावरणीय मंजूरियों की शर्तों के अनुरूप किया जाएगा।
बीएमसी की महत्वाकांक्षी मुंबई कोस्टल रोड (नॉर्थ) परियोजना वर्सोवा से भायंदर तक प्रस्तावित है और इसे गोरेगांव-मुलुंड लिंक रोड से जोड़ा जाएगा। परियोजना को सात पैकेजों में विभाजित किया गया है। बीएमसी के अनुसार, परियोजना के मार्ग में आने वाले लगभग 9,904 पेड़ प्रभावित होंगे, जिसके बदले राज्य सरकार की क्षतिपूरक वृक्षारोपण नीति के तहत करीब 70,000 नए पेड़ लगाने की आवश्यकता होगी।