मुंबई : एसटी कर्मचारियों का महंगाई भत्ता बढ़ा... 53 की जगह 58 फीसदी मिलेगा महंगाई भत्ता, परिवहन मंत्री सरनाईक ने की घोषणा
मुंबई : राज्य परिवहन महामंडल (एसटी) के कर्मचारियों के लिए सरकार ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। गुरुवार को परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने एसटी कर्मचारियों को 58 प्रतिशत महंगाई भत्ता (डीए) बढ़ाने की घोषण की है। मीडिया से बातचीत करते हुए प्रताप सरनाईक ने बताया कि राज्य सरकारी कर्मचारियों की तर्ज पर एसटी कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में वृद्धि करने का निर्णय लिया गया है। इससे पहले एसटी कर्मचारियों को 53 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिल रहा था, जिसे बढ़ाकर अब 58 प्रतिशत कर दिया गया है। इसके अलावा, एसटी कर्मचारियों के मकान किराया भत्ते (एचआरए) से संबंधित लगभग 100 करोड़ रुपए की बकाया राशि का भुगतान करने का भी निर्णय लिया गया है।
इससे हजारों कर्मचारियों को आर्थिक राहत मिलेगी। सरनाईक ने कहा कि उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के साथ चर्चा के बाद यह सकारात्मक निर्णय लिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार एसटी कर्मचारियों की विभिन्न मांगों के प्रति संवेदनशील है और उनके हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार के इस निर्णय से राज्यभर के एसटी कर्मचारियों में संतोष का माहौल है। कर्मचारी संगठनों का कहना है कि बढ़ती महंगाई के दौर में महंगाई भत्ते में वृद्धि और बकाया राशि के भुगतान से कर्मचारियों पर आर्थिक बोझ कम होगा।