मुंबई : संगठित अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की मुंबई जोनल यूनिट ने कुख्यात ड्रग तस्कर नवीन गुरुनाथ चिचकर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। एनसीबी ने उसे ‘प्रिवेंशन ऑफ इलिसिट ट्रैफिक इन नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंसेस एक्ट, 1988’ के तहत निरुद्ध किया है।

 एनसीबी के अनुसार, नवीन गुरुनाथ चिचकर लंबे समय से मादक पदार्थों की अवैध तस्करी से जुड़ी गतिविधियों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ जारी निरोधात्मक हिरासत आदेश भारत सरकार के राजस्व विभाग केपिट-एनडीपीएसप्रभाग के संयुक्त सचिव द्वारा 15 मई 2026 को जारी किया गया था। इस आदेश को 16 जून 2026 को विधिवत लागू किया गया। आदेश के तहत आरोपी को महाराष्ट्र के पुणे स्थित यरवडा सेंट्रल जेल से तमिलनाडु की चेन्नई स्थित पुज़ल सेंट्रल जेल में स्थानांतरित कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि यह कदम संगठित ड्रग तस्करी नेटवर्क की गतिविधियों को रोकने और भविष्य में अपराधों की पुनरावृत्ति पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से उठाया गया है।

एनसीबी ने बताया कि देशभर में मादक पदार्थों की तस्करी और उससे जुड़े अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। एजेंसी विभिन्न राज्यों और केंद्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर ड्रग्स सिंडिकेट्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि पिट-एनडीपीएस कानून के तहत की गई यह कार्रवाई ड्रग तस्करी के संगठित नेटवर्क पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे अवैध मादक पदार्थ कारोबार में शामिल तत्वों को कड़ा संदेश जाएगा।

Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement