मुंबई: बांद्रा रोड रेज केस में नया मोड़, आरोपी बिलाल खान ने इंस्टाग्राम पर रखा अपना पक्ष
मुंबई: बांद्रा रोड-रेज मामले में अब आरोपी बिलाल खान ने अपना पक्ष रखते हुए बड़ा दावा किया है। खान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक वीडियो और पोस्ट के जरिए कहा है कि विवाद शुरू होने से पहले फिटनेस ट्रेनर अर्जुनजीत गरेवाल ने उसकी कार को तीन बार टक्कर मारी थी। पुलिस अब खान के इस दावे की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पुष्टि करने में जुटी है। आरोपी बिलाल खान के अनुसार, घटना की शुरुआत ओवरटेक करने के दौरान हुई थी। उसने दावा किया कि अर्जुनजीत गरेवाल ने पहले उसकी कार को टक्कर मारी और इसके बाद मौके से निकल गया। खान का आरोप है कि इसके बाद भी उसकी गाड़ी को दो बार और टक्कर मारी गई।
खान ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि लगातार टक्कर लगने के बाद उसने गरेवाल की गाड़ी का पीछा किया। उसका कहना है कि वह केवल नुकसान के बारे में पूछने और मुआवजे की मांग करने के लिए उनकी कार को रोकना चाहता था। आरोपी ने दावा किया कि उसका उद्देश्य विवाद करना या हमला करना नहीं था। आरोपी के मुताबिक, जब दोनों वाहन रुक गए तो स्थिति अचानक बिगड़ गई। खान ने आरोप लगाया कि अर्जुनजीत गरेवाल गाड़ी से बाहर निकले और उनके हाथ में बांस की लाठी या लकड़ी का डंडा था। उसने दावा किया कि इसके बाद गरेवाल ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
बिलाल खान ने कहा कि उसने खुद को बचाने के लिए प्रतिक्रिया दी। उसका दावा है कि उसने जानबूझकर हमला नहीं किया और वह केवल अपनी सुरक्षा के लिए सामने आया। उसने सोशल मीडिया पर अपने हाथ पर लगी चोटों को भी दिखाया और कहा कि इस घटना में उसे भी चोटें आई हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य सबूतों की जांच कर रही है। इसके अलावा दोनों पक्षों के दावों की भी सत्यता परखी जा रही है।