Latest News

मुंबई: महाराष्ट्र लोकायुक्त संस्था के चार नवनियुक्त सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह शुक्रवार को लोकभवन, मुंबई में हुआ। महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने सभी सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। लोकभवन के प्रवक्ता के अनुसार सबसे पहले मुंबई उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति सुरेंद्र पंढरीनाथ तावडे ने महाराष्ट्र लोकायुक्त संस्था के न्यायिक सदस्य के रूप में शपथ ली। इसके बाद सेवानिवृत्त मुख्य जिला न्यायाधीश सुवर्णा किशोर केवले ने दूसरे न्यायिक सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण की। सेवानिवृत्त अतिरिक्त मुख्य सचिव ओम प्रकाश गुप्ता और राज्य की पूर्व पुलिस महानिदेशक रश्मि शुक्ला ने गैर-न्यायिक सदस्यों के रूप में शपथ ली। सभी सदस्यों की नियुक्ति पांच वर्ष के कार्यकाल या 70 वर्ष की आयु पूरी होने तक, इनमें से जो पहले हो, के लिए की गई है।

समारोह के प्रारंभ में राज्यपाल के सचिव डॉ. प्रशांत नारनवरे ने महाराष्ट्र लोकायुक्त संस्था के नवनियुक्त सदस्यों की नियुक्ति संबंधी राज्यपाल की अधिसूचना पढक़र सुनाई। कार्यक्रम की शुरुआत ‘वंदे मातरम्’, राष्ट्रगान और महाराष्ट्र राज्यगीत के गायन से हुई तथा समापन भी ‘वंदे मातरम्’ और राष्ट्रगान के साथ किया गया। शपथ ग्रहण समारोह में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, लोकायुक्त न्यायमूर्ति विद्यासागर कानडे, मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल, वरिष्ठ शासकीय अधिकारी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।


Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement