Latest News

मुंबई : दक्षिण मुंबई के चर्चगेट में आयकर कार्यालय (इनकम टैक्स ऑफिस) की सात मंजिला इमारत के भूमिगत तल में सोमवार दोपहर आग लग गई. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है और ऊपरी मंजिलों पर फंसे लोगों को बाहर निकालने का काम जारी है. अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक, अपराह्न 2:01 बजे आयकर भवन के भूमिगत तल में आग लगने की सूचना मिली; इस भवन में आयकर विभाग के कार्यालय हैं.

नगर निकाय के एक अधिकारी ने बताया कि कम से कम चार दमकल गाड़ियां और आग बुझाने वाले अन्य वाहन मौके पर भेजे गए और आग पर काबू पाने की कोशिशें जारी थीं. दमकल विभाग, पुलिस, बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (बेस्ट) के कर्मचारी, एम्बुलेंस टीमें और नगर निकाय के वार्ड कर्मचारी मौके पर तैनात किए गए. फायर बिग्रेड ने इमारत में फंसे लोगों को छत पर जाने को कहा है.

मुंबई के कांदिवली में कमर्शियल बिल्डिंग में लगी आग

मुंबई के कांदिवली इलाके में भी सोमवार तड़के चार मंजिला व्यावसायिक इमारत में आग लगने की घटना सामने आई थी. अधिकारियों ने बताया कि इमारत से कम से कम 11 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. अधिकारियों के अनुसार, कांदिवली स्टेशन रोड स्थित अभिराई होटल में सुबह चार बजकर 14 मिनट पर आग लगने की सूचना मिली.

एक नगर निकाय अधिकारी ने बताया कि पूरी इमारत धुएं से भर गई थी. इसके बाद दमकलकर्मियों ने सीढ़ियों के रास्ते दूसरी मंजिल पर स्थित एक ‘लॉजिंग हाउस’ से 11 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला. उन्होंने बताया कि आग व्यावसायिक इमारत में बिजली के तारों और उपकरणों, लकड़ी के फर्नीचर, तिरपाल, बांस तथा एल्युमिनियम और प्लास्टिक की सजावटी चादरों तक सीमित रही. 

अधिकारी ने कहा, ‘आग की घटना में कोई घायल नहीं हुआ.’ उन्होंने बताया कि आग बुझाने के लिए कम से कम चार दमकल गाड़ियों और अन्य अग्निशमन वाहनों को लगाया गया था. आग पर सुबह छह बजकर सात मिनट तक काबू पा लिया गया. अधिकारियों के अनुसार, आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है.

Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement