Latest News

नवी मुंबई : नवी मुंबई में एक गैरेज और गोदाम में लगी आग के दौरान जोरदार विस्फोट होने से अफरा-तफरी मच गई। आग बुझाने पहुंची दमकल टीम को भी इस हादसे का सामना करना पड़ा।

विस्फोट में एक दमकलकर्मी घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, गोदाम में पेंट में इस्तेमाल होने वाले थिनर के कई ड्रम रखे थे, जिनमें आग के दौरान विस्फोट हुआ।

दुकान में आग की सूचना पर पहुंची थी दमकल टीम

डिप्टी फायर ऑफिसर मनीष ब्रह्मणकर के मुताबिक, रात करीब 10:30 बजे दमकल विभाग के कंट्रोल रूम को एक दुकान में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल की टीम को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। हालांकि, मौके पर पहुंचने के बाद पता चला कि आग दुकान में नहीं, बल्कि एक गैरेज और गोदाम में लगी थी।

थिनर के कई ड्रमों में हुआ विस्फोट

मनीष ब्रह्मणकर ने बताया कि दमकल विभाग को शुरुआत में इस बात की जानकारी नहीं थी कि संबंधित परिसर में कौन-कौन से रसायन रखे हुए हैं। इसी दौरान अचानक जोरदार विस्फोट हुआ। बाद में पता चला कि वहां पेंट में इस्तेमाल होने वाले थिनर के कई ड्रम रखे थे। आग की चपेट में आने के बाद इन ड्रमों में विस्फोट हुआ। इस घटना से मौके पर मौजूद दमकलकर्मियों के बीच भी अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

दमकलकर्मी 5 से 6 प्रतिशत तक झुलसा

इस हादसे में दमकल विभाग का एक कर्मचारी घायल हो गया। अधिकारी के अनुसार, उसे शरीर पर करीब 5 से 6 प्रतिशत तक झुलसने की चोटें आई हैं। घायल दमकलकर्मी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

परिसर का मालिक लापता, जांच जारी

घटना के बाद परिसर का मालिक लापता बताया जा रहा है। इस संबंध में पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई है। शुरुआती जांच में आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और संबंधित विभाग घटना की परिस्थितियों की जांच कर रहे हैं। फिलहाल आग लगने के कारण और परिसर में रखे रसायनों से संबंधित विस्तृत जानकारी का इंतजार है।


Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement